गन्ना किसानों के लिए चेतावनी! फसल पर मंडरा रहा लाल मकड़ी का खतरा, जानें लक्षण और बचाव के उपाय

Sugarcane Crop Disease: उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और सूखे मौसम के कारण गन्ने की फसल में लाल मकड़ी (रेड स्पाइडर माइट) का खतरा बढ़ गया है. यह कीट पत्तियों का रस चूसकर फसल की बढ़वार और पैदावार को प्रभावित करता है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को नियमित निगरानी, खेत में नमी बनाए रखने, खरपतवार हटाने और नीम आधारित उत्पादों के उपयोग की सलाह दी है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 28 Jun, 2026 | 01:10 PM

Ganne Ki Kheti: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम ने गन्ना किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कृषि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मौजूदा मौसम लाल मकड़ी (रेड स्पाइडर माइट) के तेजी से फैलने के लिए अनुकूल है. अगर समय रहते इस कीट की पहचान और नियंत्रण नहीं किया गया, तो गन्ने की फसल को भारी नुकसान हो सकता है. इससे न केवल पौधों की ग्रोथ पर असर होता है, बल्कि उत्पादन में भी कमी आ सकती है.

कृषि विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार के अनुसार, इस समय गन्ने की फसल तेजी से बढ़ने की अवस्था में है. ऐसे में किसानों को अपने खेतों का नियमित निरीक्षण करना चाहिए, ताकि शुरुआती चरण में ही कीटों के हमले को रोका जा सके.

क्या है लाल मकड़ी और क्यों है खतरनाक?

लाल मकड़ी एक बेहद छोटा कीट है, जिसे सामान्य आंखों से पहचानना आसान नहीं होता. यह मुख्य रूप से गन्ने की पत्तियों के निचले हिस्से पर रहकर उनका रस चूसता है. गर्म और सूखे मौसम में इसकी संख्या तेजी से बढ़ती है और कुछ ही दिनों में यह बड़ी समस्या बन सकता है. जब यह कीट पत्तियों पर हमला करता है तो पत्तियों पर पीले, सफेद या भूरे धब्बे दिखाई देने लगते हैं. संक्रमण बढ़ने पर पत्तियां सूखने लगती हैं और पौधे कमजोर हो जाते हैं. इससे फोटोसिंथेसिस की प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिसका सीधा असर फसल की बढ़वार और उपज पर पड़ता है.

कैसे पहचानें लाल मकड़ी का प्रकोप?

किसानों को समय-समय पर गन्ने की पत्तियों की निचली सतह की जांच करनी चाहिए. अगर पत्तियों पर छोटे-छोटे पीले धब्बे दिखाई दें या पत्तियां फीकी पड़ने लगें, तो यह लाल मकड़ी के हमले का संकेत हो सकता है. अधिक प्रकोप होने पर पत्तियां सूखने लगती हैं और पौधे की ग्रोथ रुक सकती है. इसलिए शुरुआती लक्षण दिखते ही उचित कदम उठाना जरूरी है.

बचाव के लिए अपनाएं ये जरूरी उपाय

ऐसे में कृषि वैज्ञानिक किसानों को एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) तकनीक अपनाने की सलाह दे रहे हैं. इसके तहत केवल रासायनिक दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय कई उपायों को एक साथ अपनाना चाहिए.

  • खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखें.
  • संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें.
  • नाइट्रोजन वाले उर्वरकों का जरूरत से ज्यादा प्रयोग न करें.
  • खेत को खरपतवार मुक्त रखें.
  • अधिक प्रभावित पत्तियों को तोड़कर नष्ट कर दें.
  • फसल की नियमित निगरानी करते रहें.

इन उपायों से लाल मकड़ी के फैलाव को काफी हद तक रोका जा सकता है.

जैविक उपाय भी हैं असरदार

लाल मकड़ी के नियंत्रण में नीम आधारित उत्पाद काफी प्रभावी साबित हो सकते हैं. नीम का उपयोग करने से कीटों की संख्या कम होती है और पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता. इसके अलावा खेत में मौजूद लाभकारी कीटों और प्राकृतिक शत्रुओं को बचाकर रखना भी जरूरी है. ये प्राकृतिक रूप से हानिकारक कीटों की संख्या को नियंत्रित करने में मदद करते हैं और केमिकल दवाओं की आवश्यकता कम कर सकते हैं.

लाल मकड़ी मुख्य रूप से पत्तियों की निचली सतह पर रहती है. ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि, वे समय-समय पर पत्तियों के नीचे पानी की तेज धार का छिड़काव करें. यह एक आसान और कम खर्च वाला तरीका है.

दवा का प्रयोग सोच-समझकर करें

अगर खेत में लाल मकड़ी का प्रकोप अधिक दिखाई दे, तो किसानों को कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेकर ही माइटिसाइड (घुननाशी दवा) का इस्तेमाल करना चाहिए. दवा का छिड़काव करते समय यह सुनिश्चित करें कि, दवा पत्तियों के निचले हिस्से तक अच्छी तरह पहुंचे, क्योंकि यही वह स्थान है जहां यह कीट सबसे ज्यादा पाया जाता है.

संतुलित प्रबंधन से बचाई जा सकती है फसल

लाल मकड़ी के प्रभावी नियंत्रण के लिए जैविक और रासायनिक उपायों का संतुलित उपयोग सबसे बेहतर तरीका है. समय पर निगरानी और सही प्रबंधन अपनाकर किसान अपनी गन्ने की फसल को नुकसान से बचा सकते हैं और बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़