Fertilizer Stock: दुकानदार का बहाना अब नहीं चलेगा, बिहार ऐप पर लाइव दिखेगा यूरिया-डीएपी का पूरा स्टॉक

Fertilizer Availability: बिहार सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए कृषि ऐप में नई सुविधा जोड़ी है, जिससे आसपास की दुकानों में खाद की लाइव उपलब्धता मोबाइल पर देखी जा सकेगी. इससे किसानों की भागदौड़ कम होगी, सही जानकारी मिलेगी और दुकानदार गलत बहाना बनाकर वापस नहीं भेज पाएंगे. यह पहल खेती को आसान और पारदर्शी बनाएगी.

नोएडा | Updated On: 10 Apr, 2026 | 07:56 PM

Bihar Agriculture App: खरीफ और रबी सीजन में किसानों की सबसे बड़ी परेशानी अक्सर एक ही होती है कि समय पर खाद मिलेगी या नहीं? कई बार किसान सुबह से शाम तक दुकानों के चक्कर लगाते रहते हैं, लेकिन जवाब मिलता है, स्टॉक खत्म है. अब बिहार के किसानों के लिए यही परेशानी काफी हद तक खत्म होने जा रही है. बिहार सरकार ने तकनीक का ऐसा कदम उठाया है, जिससे किसान अपने मोबाइल पर ही देख सकेंगे कि किस दुकान में यूरिया, डीएपी और दूसरी खाद उपलब्ध है. सबसे खास बात यह है कि यह जानकारी रियल टाइम यानी उसी समय की होगी, जिससे दुकानदार गलत जानकारी देकर किसानों को वापस नहीं भेज पाएंगे.

बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बिहार कृषि मोबाइल ऐप में इस नई सुविधा की शुरुआत की. सरकार का कहना है कि इससे किसानों को राहत मिलेगी, खाद वितरण में पारदर्शिता आएगी और कालाबाजारी पर भी रोक लगेगी.

मोबाइल पर दिखेगा आसपास की दुकानों का असली स्टॉक

अब किसानों को यह जानने के लिए अलग-अलग दुकानों पर जाने की जरूरत  नहीं पड़ेगी कि खाद है या नहीं. बिहार कृषि मोबाइल ऐप खोलते ही किसान अपने आसपास के उर्वरक दुकानों में उपलब्ध स्टॉक देख सकेंगे. इसमें यूरिया, डीएपी, पोटाश और दूसरी जरूरी खाद की जानकारी साफ दिखाई देगी. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि किसान पहले ही तय कर सकेंगे कि किस दुकान पर जाना है. इससे समय भी बचेगा और बेवजह की भागदौड़ भी कम होगी. गांवों में कई बार किसान ट्रैक्टर या बाइक लेकर दूर-दूर तक दुकानों के चक्कर लगाते हैं. अब यह परेशानी काफी आसान हो जाएगी. सरकार का मकसद साफ है कि किसान को सही समय पर सही खाद मिले, ताकि बुवाई, सिंचाई और फसल की बढ़वार पर असर न पड़े.

किसानों को सही दुकान, सही दाम और समय पर खाद.

दुकानदार अब नहीं कर पाएंगे गुमराह

कृषि मंत्री ने कहा कि लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कई दुकानों पर खाद मौजूद  होने के बावजूद किसानों को यह कहकर लौटा दिया जाता था कि स्टॉक नहीं है. बाद में वही खाद ज्यादा दाम पर बेची जाती थी या कुछ लोगों के लिए रोककर रखी जाती थी. नई व्यवस्था के बाद दुकान में जितना स्टॉक होगा, उसकी जानकारी ऐप पर दिखेगी. यानी अगर ऐप में खाद उपलब्ध दिख रही है, तो दुकानदार किसान को मना नहीं कर पाएगा. इससे किसानों को सही जानकारी मिलेगी और गलत बहाने बनाकर लौटाने का खेल बंद होगा. यह सुविधा खासकर छोटे किसानों के लिए बहुत फायदेमंद मानी जा रही है, क्योंकि वही सबसे ज्यादा ऐसी दिक्कतों का सामना करते हैं.

कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगेगी रोक

खाद की कमी के समय अक्सर कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें बढ़ जाती हैं. कुछ लोग स्टॉक छिपाकर रखते हैं और बाद में ज्यादा कीमत पर बेचते हैं. सरकार का मानना है कि ऐप पर लाइव स्टॉक दिखने से इस तरह की गड़बड़ियों पर मजबूत रोक लगेगी. जब हर दुकान का स्टॉक सार्वजनिक रहेगा, तो विभाग के अधिकारियों के लिए निगरानी करना भी आसान होगा. अगर किसी दुकान में स्टॉक ऐप पर दिख रहा है, लेकिन किसान को नहीं दिया जा रहा, तो तुरंत कार्रवाई हो सकेगी. इससे किसानों को उचित मूल्य पर खाद मिलेगी और बाजार में पारदर्शिता भी बढ़ेगी. सरकार इसे खेती में तकनीक के इस्तेमाल का बड़ा कदम मान रही है.

बिहार बना देश का पहला राज्य

कृषि मंत्री ने दावा किया कि इस तरह की सुविधा देने वाला बिहार देश का पहला राज्य बन गया है. यह सिर्फ खाद की जानकारी  तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार कृषि ऐप पहले से ही किसानों के लिए कई जरूरी सुविधाएं दे रहा है. अभी करीब 9 लाख 35 हजार किसान इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके जरिए किसान मौसम की जानकारी, फसल सुरक्षा, मंडी भाव, सरकारी योजनाएं और कृषि सलाह घर बैठे अपने मोबाइल पर पा रहे हैं. अब खाद की लाइव जानकारी जुड़ने से यह ऐप किसानों के लिए और ज्यादा उपयोगी हो गया है. इससे खेती के काम में तेजी आएगी और किसानों का भरोसा भी मजबूत होगा कि उन्हें समय पर जरूरी संसाधन मिलेंगे.

Published: 10 Apr, 2026 | 07:41 PM

Topics: