Papaya Farming: पपीता एक ऐसी फसल है जो कम समय में तैयार हो जाती है और बाजार में अच्छी कीमत दिलाती है. पोषण से भरपूर होने के कारण इसकी मांग पूरे साल बनी रहती है. यही वजह है कि यह किसानों के लिए कम लागत में ज्यादा मुनाफा देने वाली फसल मानी जाती है. बिहार स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह ने किसान इंडिया (Kisan India) को बताया कि, पपीता की खेती में सबसे बड़ी चुनौती इसके रोग हैं, जो फसल को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं. सही जानकारी और तकनीक अपनाकर किसान इन समस्याओं से बच सकते हैं और अपनी आय को बढ़ा सकते हैं.
बिहार में पपीता उत्पादन की स्थिति
बिहार में पपीता लगभग 1,900 हेक्टेयर क्षेत्र में उगाया जाता है, लेकिन यहां की औसत उपज राष्ट्रीय औसत से काफी कम है. इसका मुख्य कारण है रोग प्रबंधन की कमी और सही समय पर रोपण न होना. अगर किसान वैज्ञानिक तरीके अपनाएं, तो उत्पादन में बड़ा सुधार संभव है.
अप्रैल में रोपण क्यों है फायदेमंद?
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह के अनुसार पपीता की खेती के लिए अप्रैल का महीना सबसे उपयुक्त माना जाता है, क्योंकि इस समय मौसम पौधों के विकास के लिए अनुकूल होता है. अधिक तापमान के कारण एफिड जैसे कीट कम सक्रिय रहते हैं, जिससे वायरस फैलने का खतरा घट जाता है और फसल ज्यादा सुरक्षित रहती है. अप्रैल में 25 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान और तेज धूप पौधों की तेजी से वृद्धि में मदद करती है, जिससे पौधे मजबूत और स्वस्थ बनते हैं.
साथ ही, इस समय रोपण करने पर फसल का चक्र भी बेहतर रहता है. सितंबर-अक्टूबर में पौधों में फूल आना शुरू हो जाता है और जनवरी-फरवरी तक फल तुड़ाई के लिए तैयार हो जाते हैं. इस दौरान बाजार में पपीता की अच्छी कीमत मिलने की संभावना भी अधिक रहती है.
पपाया रिंग स्पॉट वायरस (PRSV) क्या है?
यह एक खतरनाक वायरस है जो एफिड जैसे कीटों के माध्यम से फैलता है और पपीता की फसल को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. इसके प्रभाव से पत्तियों और फलों पर रिंग जैसे धब्बे दिखाई देने लगते हैं और धीरे-धीरे पौधे की ग्रोथ रुक जाती है, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ता है. इस रोग के प्रमुख लक्षणों में पत्तियों पर मोजेक या धारीदार निशान बनना, फलों पर गोल धब्बे दिखना और पौधों का विकास थम जाना शामिल है. इससे बचाव के लिए समय पर उपाय करना बेहद जरूरी है.
किसानों को चाहिए कि 2 फीसदी नीम तेल का नियमित छिड़काव करें और हर 30 दिन में स्प्रे जारी रखें, ताकि कीटों का प्रकोप नियंत्रित रहे. इसके साथ ही, संक्रमित पौधों को तुरंत खेत से हटाना जरूरी है, ताकि वायरस अन्य पौधों में न फैले. खेत में खरपतवार का नियंत्रण रखना भी बहुत महत्वपूर्ण है.
जड़ गलन (Root Rot) से कैसे बचें?
जड़ गलन एक फफूंदजनित रोग है, जिसमें पौधों की जड़ें सड़ने लगती हैं और पौधा धीरे-धीरे सूख जाता है.
नियंत्रण के उपाय
- हेक्साकोनाजोल का घोल बनाकर मिट्टी में डालें
- प्रति पौधा 5-6 लीटर घोल नियमित दें
- जलभराव से बचाव करें
सफलता का मूल मंत्र
पपीता की खेती में सफलता का सबसे बड़ा राज है सही समय पर रोपण और नियमित देखभाल. अगर किसान अप्रैल में पौध लगाते हैं और समय-समय पर रोग नियंत्रण के उपाय अपनाते हैं, तो फसल स्वस्थ रहती है और उत्पादन बढ़ता है.
पपीता की खेती किसानों के लिए एक लाभकारी विकल्प साबित हो सकती है, बशर्ते वे वैज्ञानिक तरीकों का पालन करें. सही समय, सही तकनीक और रोग प्रबंधन के जरिए किसान अपनी उपज बढ़ाकर बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं.