दालों के उत्पादन को बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सरकार के प्रयासों को सफलता मिल रही है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दलहन उत्पादन संबंधी ताजा आंकड़े जारी करते हुए बताया है कि प्रति हेक्टेयर दाल पैदावार में 31 किलो प्रति हेक्टेयर का उछाल दर्ज किया गया है. वहीं, बीते साल की तुलना में दलहन फसलों का रकबा भी 9 लाख हेक्टेयर से अधिक बढ़ा है. इसके चलते दालों की विदेशी खरीद में गिरावट दर्ज की गई है.
दलहन उत्पादन 17 लाख मीट्रिक टन बढ़ा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंकड़े जारी करते हुए कहा कि देश में दलहन उत्पादन के क्षेत्र में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है. साल 2024-25 में दलहन का उत्पादन 256.83 लाख मीट्रिक टन रहा था, जो साल 2025-26 में बढ़कर 274.09 लाख मीट्रिक टन हो गया. यानी एक साल में उत्पादन में करीब 17.26 लाख मीट्रिक टन की बढ़ोतरी हुई है. यह वृद्धि दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा सकती है.
दालों की विदेशी खरीद 12 लाख मीट्रिक टन घटाने में सफलता मिली
कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार घरेलू उत्पादन बढ़ने के साथ दलहन के आयात में भी कमी दर्ज की गई है. साल 2024-25 में 72.56 लाख मीट्रिक टन दलहन का आयात किया गया था, जबकि 2025-26 में यह घटकर 59.64 लाख मीट्रिक टन रह गया. यानी आयात में करीब 12.92 लाख मीट्रिक टन की कमी आई है. इससे संकेत मिलता है कि घरेलू स्तर पर दलहन की उपलब्धता बढ़ रही है और आयात पर निर्भरता धीरे-धीरे कम हो रही है.
किसानों की रुचि के चलते दालों का बुवाई क्षेत्र बढ़ा
दलहन की खेती के रकबे में भी बढ़ोतरी हुई है. साल 2024-25 में दलहन का कुल क्षेत्रफल 277.20 लाख हेक्टेयर था, जो साल 2025-26 में बढ़कर 286.46 लाख हेक्टेयर हो गया. यानी एक साल में करीब 9.26 लाख हेक्टेयर क्षेत्र दलहन की खेती के दायरे में बढ़ा है. खेती का रकबा बढ़ने से आने वाले समय में दलहन उत्पादन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
प्रति हेक्टेयर 31 किलो दाल की पैदावार बढ़ी
सिर्फ क्षेत्रफल बढ़ना ही नहीं, बल्कि प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में भी सुधार हुआ है. साल 2024-25 में दलहन की औसत उत्पादकता 926 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर थी, जो 2025-26 में बढ़कर 957 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर हो गई. यानी उत्पादकता में 31 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई. इससे साफ है कि दलहन उत्पादन बढ़ाने में खेती के रकबे के साथ-साथ प्रति हेक्टेयर उत्पादन में सुधार का भी योगदान रहा है.

दलहन उत्पादन आंकड़े.
528 दलहन प्रॉसेसिंग यूनिट लगाने की प्रक्रिया तेज
सरकार ने दलहन की पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करने के लिए प्रॉसेसिंग क्षमता बढ़ाने का टारगेट भी रखा है. दलहन मिशन के तहत वर्ष 2026-27 में राज्यों में कुल 528 प्रॉसेसिंग यूनिट लगाने का का टारगेट रखा गया है. इन यूनिट के जरिए दलहन की सफाई, ग्रेडिंग, वैल्यू एडीशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने और दलहन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है.