राष्ट्रीय कृषि मंथन में जुटेंगे देशभर के 4 हजार किसान, किसानों को मूल मंत्र देंगे नितिन गड़करी और शिवराज सिंह   

Rashtriya Krashi Mela Raisen: मध्य प्रदेश के रायसेन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का समापन सत्र होगा. अंतिम दिन भी जारी रहेगा गहन मंथन, किसानों के हित में दिनभर विभिन्न तकनीकी सत्र चलेंगे.

Kisan India
भोपाल | Updated On: 12 Apr, 2026 | 08:04 PM

National Agriculture Manthan Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के रायसेन का दशहरा मैदान राष्ट्रीय स्तर पर कृषि मंथन और किसान संवाद का केंद्र बना हुआ है, जहां केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर आयोजित राष्ट्रीय कृषि मेला ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का भव्य समापन सत्र कल 13 अप्रैल को होगा. समापन सत्र में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी और कृषि मंत्री शिवराज सिंह शामिल होंगे. अंतिम दिन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और मध्य प्रदेश के कई मंत्री किसानों के बीच उन्नत कृषि और किसान आय वृद्धि के एजेंडे पर अपनी बात रखेंगे.

केवीके वैज्ञानिक किसानों को बताएंगे खेती का आधुनिक तरीका

महोत्सव के अंतिम दिन 13 अप्रैल को भी किसानों के लिए पूरे दिन सार्थक और उपयोगी सत्रों की श्रृंखला निर्धारित की गई है. सुबह 10:30 से 12 बजे तक हॉल-1 में आयोजित होने वाली केवीके मीट में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के विशेषज्ञ देशभर के कृषि विज्ञान केंद्रों के अनुभव, नवाचार और जमीनी स्तर पर अपनाई जा रही तकनीकों को साझा करेंगे. इसी समय मुख्य मंच पर कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड पर केंद्रित महत्वपूर्ण सत्र होगा, जिसका संयोजन हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा एवं मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना द्वारा किया जाएगा, जिसमें किसानों को सुलभ ऋण, क्रेडिट पहुंच और वित्तीय समावेशन से संबंधित पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी जाएगी.

ग्रामीण विकास पर बात करेंगे नितिन गडकरी और शिवराज सिंह

दोपहर 12:30 से 2 बजे तक समापन सत्र आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों के सामने कृषि, ग्रामीण विकास और अवसंरचना से जुड़े व्यापक विज़न पर अपने विचार रखेंगे. इसके बाद 3 से 4:30 बजे तक विभिन्न हॉल में समानांतर तकनीकी सत्र होंगे. हॉल-1 में मध्य प्रदेश की जलवायु आधारित डेयरी संवर्धन एवं पशु पालन विषयक सत्र में राज्य पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजनाओं, नस्ल सुधार, आहार प्रबंधन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा होगी, जिसका संयोजन मध्य प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग मंत्री लखन पटेल द्वारा किया जाएगा.

धान की सीधी बुआई और बकरी पालन मॉडल देखेंगे किसान

बेहतर प्रणाली प्रबंधन एवं धान में आत्मनिर्भरता हेतु बीज प्रणाली पर सत्र आयोजित होगा, जिसमें बीज विभाग और ICAR के विशेषज्ञ धान की सीधी बुवाई, जल संरक्षण, लागत में कमी और गुणवत्तायुक्त बीज प्रणाली पर अपना मार्गदर्शन देंगे, यह सत्र केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर के संयोजन में होगा. इसी समय हॉल-3 में मुर्गी पालन, बकरी पालन से आय में वृद्धि एवं मत्स्य पालन और मोती पालन पर केंद्रित सत्र में किसानों को बहु-आयामी आजीविका मॉडल के रूप में इन गतिविधियों को अपनाने के व्यावहारिक तरीके बताए जाएंगे, जिसका संयोजन मध्य प्रदेश के मत्स्य पालन मंत्री नारायण सिंह पवार करेंगे.

‘धरती बचाओ’ नुक्कड़ नाटक का मंचन ICAR कराएगा

मुख्य मंच पर समानांतर रूप से ‘धरती बचाओ’ नुक्कड़ नाटक का मंचन ICAR के सहयोग से किया जाएगा, जिसके माध्यम से मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश आमजन और किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा. तीन दिनों के इस राष्ट्रीय कृषि मेला ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ ने किसानों के सामने नीतियों, तकनीक, बाजार और अवसंरचना को एक साथ जोड़ने की सार्थक कोशिश की है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 12 Apr, 2026 | 08:03 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

दूध उत्पादन में कौन सा राज्य सबसे आगे है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
जायद सीजन.
विजेताओं के नाम
रजनीश जाट, नासिराबाद, अजमेर राजस्थान.

लेटेस्ट न्यूज़