PDS के अनाज पर अब AI का पहरा, 216 गोदामों में लागू हुआ स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम.. जानें इसके फायदे

केंद्र सरकार ने CWC के 216 गोदामों में AI और IoT आधारित स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम शुरू किया है. इससे खाद्यान्न भंडारण की रियल-टाइम निगरानी, सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ेगी. नई तकनीक से अनाज की गुणवत्ता, स्टॉक और गोदाम संचालन पर नजर रखी जाएगी. FCI भी अक्टूबर तक 150 गोदामों में यह व्यवस्था लागू करेगा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 19 Jun, 2026 | 08:05 AM

केंद्र सरकार ने खाद्यान्न भंडारण को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) के 216 अनाज गोदामों में स्मार्ट वेयरहाउसिंग प्रणाली की शुरुआत की. इस नई व्यवस्था के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समेत आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर गोदामों में रखे अनाज के स्टॉक और संचालन की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी. इससे अनाज की मात्रा, उसकी स्थिति और गोदामों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी.

केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने स्मार्ट वेयरहाउसिंग प्रणाली की शुरुआत करते हुए कहा कि खाद्यान्न को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS)  और अधिक मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि स्मार्ट वेयरहाउसिंग केवल तकनीकी सुधार नहीं है, बल्कि यह देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है.

स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम के फायदे

सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत लोगों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न को केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) और भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गोदामों में रखा जाता है. अब अनाज की सुरक्षा बढ़ाने और किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनाज की हेराफेरी रोकने के लिए सरकार ने स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम  लागू किया है. केंद्रीय खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने कहा कि CWC के 216 गोदामों में आधुनिक निगरानी प्रणाली स्थापित की गई है. इस सिस्टम की मदद से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि खाद्यान्न का वैज्ञानिक तरीके से भंडारण हो और उसकी गुणवत्ता बनी रहे. साथ ही गोदामों में रखे अनाज की निगरानी रियल-टाइम में की जा सकेगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और अनाज के गलत इस्तेमाल या चोरी की आशंका कम होगी.

150 गोदामों में स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम शुरू होगा

उन्होंने कहा कि FCI भी इस योजना को तेजी से लागू कर रहा है और अक्टूबर तक उसके 150 गोदामों में स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम शुरू कर दिया जाएगा. इससे देश की खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी. केंद्रीय खाद्य मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) अपने खाद्यान्न और सामान्य गोदामों में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और IoT (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) आधारित आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रहा है. इसका उद्देश्य गोदामों की सुरक्षा बढ़ाना, अनाज की बेहतर निगरानी करना और संचालन को अधिक पारदर्शी बनाना है.

ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान सिस्टम लगाया गया है

नई व्यवस्था के तहत गोदामों में आने-जाने वाले वाहनों की पहचान के लिए FASTag और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान (ANPR) सिस्टम लगाया गया है, जिसे VAHAN-SARATHI डेटाबेस से जोड़ा गया है. गोदामों में नियंत्रित प्रवेश के लिए स्मार्ट लॉकिंग सिस्टम लगाया गया है. वहीं, AI तकनीक की मदद से अनाज की बोरियों की गिनती की जाएगी और अधिकृत अधिकारियों की पहचान फेस रिकग्निशन सिस्टम से की जाएगी. इसके अलावा, गोदामों में कार्बन डाइऑक्साइड और फॉस्फीन गैस की निगरानी के लिए IoT सेंसर लगाए गए हैं. AI आधारित निगरानी प्रणाली आग, धुआं और चूहों जैसी समस्याओं का भी तुरंत पता लगा सकेगी.

इससे रिकॉर्ड अपने आप तैयार होंगे

मंत्रालय ने बताया कि इन सभी तकनीकों को ERP (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) सिस्टम से जोड़ा गया है. इससे रिकॉर्ड अपने आप तैयार होंगे, रियल-टाइम अलर्ट मिलेंगे और अधिकारियों को संचालन की पूरी जानकारी डैशबोर्ड पर तुरंत उपलब्ध होगी. इससे खाद्यान्न भंडारण और प्रबंधन अधिक सुरक्षित, प्रभावी और पारदर्शी बनेगा. स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम के लागू होने से गोदामों के गेट, कांटा (वजन मापने की मशीन) और भंडारण स्थलों पर होने वाले कई काम अब तकनीक के जरिए किए जा सकेंगे.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 19 Jun, 2026 | 08:00 AM

लेटेस्ट न्यूज़