मॉनसून की रफ्तार धीमी, फिर भी बारिश का कहर जारी, उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का बड़ा उलटफेर

Monsoon Update: उत्तर-पश्चिम भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से मॉनसून से पहले ही अच्छी बारिश हो रही है. राजस्थान में तो सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, खासकर पूर्वी राजस्थान में बहुत अधिक बारिश हुई है. वहीं दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 17 Jun, 2026 | 09:38 PM

IMD Weather Forecast: उत्तर-पश्चिम भारत में इन दिनों मौसम का पैटर्न थोड़ा अलग देखने को मिल रहा है. मॉनसून भले ही दक्षिण भारत में अपनी सामान्य गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है, लेकिन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय बने हुए हैं. इसी कारण राजस्थान समेत कई राज्यों में समय से पहले अच्छी बारिश हो रही है. इन मौसम प्रणालियों की वजह से कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र के मौसम का संतुलन बदलता हुआ नजर आ रहा है.

राजस्थान बना ‘एक्सेप्शन’

सबसे चौंकाने वाली स्थिति राजस्थान में देखने को मिल रही है. जहां एक ओर देश के कई हिस्सों में मॉनसून कमजोर है, वहीं राजस्थान में बारिश सामान्य से काफी अधिक दर्ज की गई है.

  • पश्चिमी राजस्थान में करीब 20 फीसदी अधिक बारिश
  • पूर्वी राजस्थान में रिकॉर्ड 80 फीसदी अधिक बारिश

इस वजह से रेगिस्तानी राज्य इस सीजन में ‘रेनफॉल हॉटस्पॉट’ बन गया है, जो सामान्य मौसम पैटर्न से बिल्कुल अलग है.

उत्तर-पश्चिम भारत में कुल मिलाकर बेहतर स्थिति

पूरे उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो अब तक यहां करीब 5 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ जैसे इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है और यहां लगभग 38 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है. वहीं दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश एकमात्र ऐसा क्षेत्र है जहां बारिश कम हुई है. यहां करीब 28 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है.

मध्य और पूर्व भारत में बारिश की कमी जारी

जहां उत्तर-पश्चिम भारत भीग रहा है, वहीं मध्य और पूर्वी भारत में स्थिति कमजोर बनी हुई है.

  • मध्य भारत (गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र): 61 फीसदी बारिश की कमी
  • पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत: 43 फीसदी कमी
  • दक्षिणी प्रायद्वीप (South Peninsula): 14 फीसदी कमी, लेकिन अभी सामान्य सीमा में

यह असंतुलन कृषि और जल संसाधनों पर असर डाल सकता है.

आने वाले दिनों में और बारिश के संकेत

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इस समय उत्तर पाकिस्तान के ऊपर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जिसकी वजह से दक्षिण पंजाब के पास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बन गया है. इसका असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं. इसका मुख्य कारण मौसमी ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की सक्रियता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 17 Jun, 2026 | 09:38 PM