पशु चोरी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा! झारखंड में मौत, हरियाणा-यूपी में चोरों पर शिकंजा

देश के कई राज्यों में पशु चोरी की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है. झारखंड में बकरी चोरी के शक में भीड़ ने एक व्यक्ति की जान ले ली, जबकि हरियाणा में ग्रामीणों ने कथित चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया. मेरठ पुलिस ने भी पशु चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 31 Jul, 2026 | 12:36 PM

देश के अलग-अलग राज्यों से सामने आई घटनाओं ने पशु चोरी की बढ़ती वारदातों और उससे जुड़ी कानून-व्यवस्था की गंभीर तस्वीर सामने रख दी है. झारखंड के खूंटी में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. दूसरी ओर हरियाणा के नारनौल में ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भैंस चोरी कर भाग रहे तीन कथित आरोपियों को पीछा कर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने पशु चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की भैंस समेत कई सामान बरामद किए हैं. तीनों घटनाएं यह संकेत देती हैं कि पशु चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कानून अपने हाथ में लेने की बजाय पुलिस और प्रशासन की मदद लेना ही सबसे सुरक्षित और कानूनी रास्ता है.

झारखंड में बकरी चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या

झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदादिरी गांव में देर रात बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने चार लोगों को घेर लिया. इनमें से दो लोग वाहन लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि दो लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. आरोप है कि दोनों की जमकर पिटाई की गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई, लेकिन गुमला जिले के सिसई निवासी 35 वर्षीय दिलदार अंसारी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. दूसरे घायल का इलाज जारी है. पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

हरियाणा में ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़े कथित पशु चोर

हरियाणा के नारनौल के गांव बायल में भैंस चोरी कर भाग रहे तीन कथित आरोपियों को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया. ग्रामीणों ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन, एक भैंस  और एक कटड़ी बरामद कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीन आरोपियों में दो राजस्थान के अलवर जिले के निवासी हैं, जबकि एक गांव बायल का रहने वाला है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीनों में क्षेत्र से करीब तीन दर्जन पशु चोरी हो चुके हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है.

मेरठ पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की इंचौली थाना पुलिस ने पशु चोरी  के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, एक छुरा, बड़ा दांव और रस्सी बरामद की है. यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर खरदौनी और श्यामपुर के जंगल क्षेत्र में की गई. पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को खरदौनी गांव निवासी जयपाल की एक भैंस, एक भैंसा और एक कटरा चोरी हो गया था. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जांच की और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

बढ़ती पशु चोरी पर सख्ती और कानून का पालन जरूरी

इन तीनों घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पशु चोरी ग्रामीण इलाकों  में बड़ी चिंता का विषय बनती जा रही है. हालांकि अपराध पर रोक लगाना जरूरी है, लेकिन किसी भी संदेह के आधार पर हिंसा या भीड़ द्वारा सजा देना कानूनन अपराध है. विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीणों को सतर्क रहकर संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए, जबकि पुलिस और प्रशासन को भी ऐसे गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई कर ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना होगा. तभी पशु चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और कानून का राज सुनिश्चित किया जा सकेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़