Fish Farming: तालाब या नाव है तो मौका न गंवाएं, किसान क्रेडिट कार्ड से मछली पालन में मिलेगा तुरंत पैसा
मत्स्यपालन विभाग ने मछुआरों और मछली पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना से जुड़ने की अपील की है. तालाब, नाव, जाल या मछली पालन इकाई रखने वाले लोग आसानी से आवेदन कर सकते हैं. इस योजना से सस्ता लोन मिलेगा और मत्स्य व्यवसाय को बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
Kisan Credit Card: अगर आप मछली पालन करते हैं या मछली पकड़ने का काम करते हैं, तो अब आपके लिए अच्छी खबर है. भारत सरकार के मत्स्यपालन विभाग ने मछुआरों, मछली किसानों और महिला समूहों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जोड़ने की पहल तेज कर दी है. सरकार का कहना है कि इस योजना से मछली पालन करने वालों को आसानी से लोन मिलेगा और उनका काम मजबूत होगा. अब तालाब हो या नाव, जाल हो या हैचरी-हर तरह की मत्स्य संपत्ति पर किसान क्रेडिट कार्ड बन सकता है.
मछुआरों के लिए बड़ा सहारा बनेगा किसान क्रेडिट कार्ड
मत्स्यपालन विभाग के अनुसार किसान क्रेडिट कार्ड अब सिर्फ खेती करने वाले किसानों तक सीमित नहीं है. मछुआरे और मछली पालन करने वाले लोग भी इसका लाभ ले सकते हैं. जिन लोगों के पास तालाब, खुला जल क्षेत्र, रेसवे, हैचरी या मछली पालन की कोई इकाई है, वे किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस कार्ड के जरिए जरूरत पड़ने पर आसानी से लोन मिल सकता है, जिससे मछली पालन का काम बढ़ाना आसान हो जाता है. इससे छोटे मछुआरों और मछली पालकों को खास फायदा होगा.
महिला समूह और SHG को भी मिलेगा फायदा
मत्स्यपालन विभाग ने बताया है कि स्वयं सहायता समूह (SHG), महिला समूह और संयुक्त देयता समूह भी किसान क्रेडिट कार्ड के लिए पात्र हैं. जो लोग मिलकर मछली पालन का काम कर रहे हैं, वे भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं. सरकार चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा लोग मछली पालन से जुड़ें और अपनी आमदनी बढ़ाएं. महिला समूहों के लिए यह योजना कमाई बढ़ाने का अच्छा मौका मानी जा रही है.
किसान क्रेडिट कार्ड से मजबूत होगा मछली पालन व्यवसाय.
मत्स्य संपत्ति बनेगी आपकी ताकत
मत्स्यपालन विभाग के अनुसार अगर किसी व्यक्ति के पास नाव, जाल, तालाब या मछली पालन से जुड़ी कोई भी चीज है तो वह किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकता है. सरकार का कहना है कि आपकी मत्स्य संपत्ति ही आपकी वित्तीय ताकत बन सकती है. किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से मछुआरों को बार-बार पैसे की परेशानी नहीं होगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत लोन मिल सकेगा. इससे मछली पालन का काम आसान होगा और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी.
आवेदन करना हुआ आसान
मत्स्यपालन विभाग ने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाया है. इच्छुक लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए fasalrin.gov.in और jansamarth.in वेबसाइट पर जाकर जरूरी दस्तावेजों को भर कर आवेदन किया जा सकता है. सरकार का कहना है कि सही जानकारी भरकर आसानी से आवेदन किया जा सकता है. आवेदन के बाद पात्र लोगों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किया जाएगा. इससे मछुआरों को बैंक से आसानी से जुड़ने का मौका मिलेगा और उन्हें कम ब्याज पर लोन मिल सकेगा.
मत्स्य पालन से बढ़ेगी कमाई
मत्स्यपालन विभाग का मानना है कि किसान क्रेडिट कार्ड से मछुआरों और मछली पालकों की आमदनी बढ़ सकती है. लोन मिलने से लोग ज्यादा तालाब बना सकते हैं, अच्छी नस्ल की मछली पाल सकते हैं और अपने काम को बढ़ा सकते हैं. सरकार चाहती है कि मछली पालन करने वाले लोग आर्थिक रूप से मजबूत बनें और गांवों में रोजगार बढ़े. किसान क्रेडिट कार्ड इस दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. विभाग ने मछुआरों और मछली पालकों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ लें और जल्द से जल्द किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करें. इससे उनका काम मजबूत होगा और भविष्य सुरक्षित बन सकेगा.