Dog Breeds: लैब्राडोर, जर्मन शेफर्ड या डोबरमैन? घर के लिए सही बड़े कुत्ते की पूरी जानकारी

घर की सुरक्षा और परिवार के साथ के लिए बड़े कुत्तों की मांग बढ़ रही है. लैब्राडोर, जर्मन शेफर्ड, डोबरमैन और गोल्डन रिट्रीवर जैसी नस्लें समझदार और वफादार मानी जाती हैं. सही देखभाल और ट्रेनिंग के साथ ये कुत्ते सुरक्षा के साथ घर में खुशी भी लाते हैं.

नोएडा | Updated On: 21 Feb, 2026 | 05:40 PM

Dog Breeds: आजकल शहर हो या गांव, लोग घर की सुरक्षा और अच्छे साथी के लिए बड़े आकार के कुत्ते पालना पसंद कर रहे हैं. मजबूत शरीर, तेज समझ और मालिक के प्रति वफादारी-यही वजह है कि बड़ी नस्लों की मांग तेजी से बढ़ रही है. डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार के पशुपालन निदेशालय ने भी लोगों को सही नस्ल चुनने और जिम्मेदारी से पालन करने की सलाह दी है.

बड़े कुत्ते क्यों होते हैं खास?

बड़े आकार के कुत्ते आमतौर पर ज्यादा सक्रिय और सतर्क होते हैं. ये घर और परिवार की सुरक्षा के लिए बेहतर माने जाते हैं. अजनबी को देखते ही सतर्क हो जाते हैं और मालिक को संकेत दे  देते हैं. हालांकि, इनका पालन करने से पहले यह समझना जरूरी है कि इन्हें ज्यादा जगह, रोजाना व्यायाम और संतुलित आहार  की जरूरत होती है. अगर सही देखभाल मिले, तो ये लंबे समय तक अच्छे साथी साबित होते हैं.

लैब्राडोर रिट्रीवर- समझदार और मिलनसार

लैब्राडोर रिट्रीवर

Labrador Retriever दुनिया की सबसे पसंदीदा कुत्तों की नस्लों  में से एक है. यह अपनी तेज समझ, मिलनसार स्वभाव और शांत व्यवहार के लिए जाना जाता है. लैब्राडोर बच्चों के साथ बहुत जल्दी घुल-मिल जाता है और परिवार के हर सदस्य से भावनात्मक जुड़ाव बना लेता है. इसकी खास बात यह है कि यह आदेश जल्दी सीखता है, इसलिए ट्रेनिंग देना आसान होता है. नए डॉग ओनर के लिए भी यह नस्ल सही मानी जाती है. यह न सिर्फ घर की हल्की-फुल्की सुरक्षा करता है, बल्कि अपने चंचल और खुशमिजाज स्वभाव से घर का माहौल भी खुशहाल बनाए रखता है.

जर्मन शेफर्ड और डोबरमैन- सुरक्षा के मजबूत साथी

जर्मन शेफर्ड

German Shepherd अपनी वफादारी, समझदारी और सुरक्षात्मक स्वभाव के लिए मशहूर है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में भी इसका इस्तेमाल होता है. यह जल्दी आदेश समझता है और खतरे को भांपने में माहिर होता है. वहीं Dobermann सतर्क और बहादुर नस्ल मानी  जाती है. यह अपने मालिक के प्रति बेहद वफादार होता है और घर की रखवाली में आगे रहता है. लेकिन इसे सही ट्रेनिंग और नियमित एक्सरसाइज की जरूरत होती है.

गोल्डन रिट्रीवर- शांत और आज्ञाकारी साथी

गोल्डन रिट्रीवर

Golden Retriever अपने शांत, प्यार भरे और आज्ञाकारी स्वभाव के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. यह बच्चों के साथ बेहद नरम व्यवहार करता है और बुजुर्गों के साथ भी आराम से समय बिताता है. इसका स्वभाव धैर्य वाला  होता है, इसलिए यह जल्दी गुस्सा नहीं करता. गोल्डन रिट्रीवर परिवार से भावनात्मक रूप से जुड़ जाता है और हर समय साथ निभाता है. इसे ट्रेनिंग देना आसान होता है और यह आदेश जल्दी समझ लेता है. अगर आप पहली बार घर में पालतू कुत्ता ला रहे हैं, तो यह नस्ल भरोसेमंद और अच्छा विकल्प साबित हो सकती है.

Published: 21 Feb, 2026 | 05:58 PM

Topics: