पशुपालन विभाग में चिकित्सकों की भर्ती में भ्रष्टाचार, नौकरी दिलाने के लिए 80 लाख घूस मांगने का आरोप

KPSC Veterinary Officer recruitment: पुलिस को दी शिकायत में चुने गए कुछ उम्मीदवारों के अंकों पर भी सवाल उठाए गए हैं. आरोप है कि अच्छे अंक पाने वाले कई उम्मीदवार KPSC में प्रभावशाली पदों पर बैठे लोगों के रिश्तेदार थे. सफल हुए कई उम्मीदवार अपनी डिग्री परीक्षाओं में फेल हो गए थे.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 24 Jul, 2026 | 01:10 PM

नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच अब चिकित्सकों की भर्ती में बड़ा घोलमाल सामने आया है. कर्नाटक सरकार के पशुपालन और मत्स्य विभाग ने पशु चिकित्सकों की भर्ती में घूसखोरी के मामले ने तूल पकड़ लिया है. भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगा है. पुलिस में दर्ज मामलों में शिकायतकर्ताओं ने कहा कि नौकरी दिलाने के लिए बिचौलियों ने 70 से 80 लाख रुपये की घूस डिमांड की है और इसके ऑडियो क्लिप भी उनके पास हैं. वहीं, आरोप है कि नौकरी के रिजल्ट में पास दिखाए गए कई उम्मीदवार अपनी डिग्री परीक्षाओं में फेल हो चुके हैं.

कर्नाटक में पशु चिकित्सकों के 400 पदों की भर्ती में घोटाले का आरोप

कर्नाटक के पशुपालन और मत्स्य विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के 400 पदों पर भर्ती के लिए कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) ने जनवरी 2026 में भर्ती परीक्षा आयोजित की थी. इसके बाद अंतिम चयन सूची 17 जुलाई को जारी की गई थी. आवेदकों ने भर्ती प्रक्रिया में घूसखोरी के आरोप लगाए हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पशु चिकित्सा डॉक्टरों के एक समूह ने विधान सौधा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

50 से ज्यादा उम्मीदवारों ने पुलिस को शिकायत दी

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी पदों के लिए KPSC की भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है. 17 जुलाई को नतीजे घोषित होने के बाद 50 से ज्यादा उम्मीदवारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी, रिश्वतखोरी और हेरफेर हुई है. शिकायतकर्ताओं ने और चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

80 लाख रुपये घूस मांगने का ऑडियो पुलिस को दिया

पुलिस को दिए शिकायत पत्र में उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि बिचौलियों ने कई उम्मीदवारों से संपर्क किया और नौकरी दिलाने के बदले 70 लाख से 80 लाख रुपये की मांग की. उन्होंने दावा किया कि उनके पास बातचीत की ऑडियो क्लिप हैं, जिन्हें उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ परीक्षाएं रिसॉर्ट्स में आयोजित की गईं.

नौकरी में पास होने वाले कई लोग डिग्री परीक्षाओं में फेल हो चुके

शिकायतकर्ताओं ने चुने गए कुछ उम्मीदवारों के अंकों पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि नतीजों ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर संदेह पैदा कर दिया है. अपनी शिकायत में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अच्छे अंक पाने वाले कई उम्मीदवार KPSC में प्रभावशाली पदों पर बैठे लोगों के रिश्तेदार थे. कुछ शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सफल हुए कई उम्मीदवार अपनी डिग्री परीक्षाओं में फेल हो गए थे.

चेयरमैन के निष्कासन के बाद खुला मामला

भर्ती में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का यह मामला तब सामने आया है जब बीती 13 जुलाई को कर्नाटक के गवर्नर थावरचंद गहलोत ने KPSC चेयरमैन शिवशंकरप्पा एस. साहूकार को सस्पेंड कर दिया. उन पर अपनी दो बेटियों को औद्योगिक विस्तार अधिकारी के तौर पर गैरकानूनी तरीके से चुनने में मदद करने का आरोप था.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 24 Jul, 2026 | 01:10 PM

लेटेस्ट न्यूज़