Animal Care: पशु टीकाकरण से होगा फायदा ही फायदा! बीमारी कम, खर्च कम और कमाई ज्यादा
Livestock Health: पशुओं का समय पर टीकाकरण किसानों के लिए बहुत जरूरी माना जाता है. इससे जानवर खतरनाक बीमारियों से बचे रहते हैं और इलाज का खर्च भी कम होता है. स्वस्थ पशु ज्यादा दूध देते हैं और लंबे समय तक काम करते हैं. इसलिए पशुपालकों को नियमित टीकाकरण जरूर कराना चाहिए, जिससे आय भी बेहतर बनी रहती है.
Animal Vaccination: गांवों में पशु सिर्फ जानवर नहीं होते, बल्कि परिवार की कमाई का सहारा होते हैं. एक गाय या भैंस बीमार हो जाए तो पूरे घर की आय पर असर पड़ता है. ऐसे में पशुओं को बीमारियों से बचाने का सबसे आसान और सस्ता तरीका है समय पर टीकाकरण. पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अनुसार पशुओं का नियमित टीकाकरण करने से न सिर्फ बीमारी से बचाव होता है बल्कि दूध उत्पादन भी बढ़ता है और पशुपालकों का नुकसान कम होता है. सही समय पर लगाया गया टीका पशुओं के लिए ढाल की तरह काम करता है. जानिए क्यों जरूरी है पशुओं का टीकाकरण और इससे पशुपालकों को क्या फायदे मिलते हैं.
कम खर्च में बीमारी से बचाव
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अनुसार, पशुओं का इलाज करवाना कई बार महंगा पड़ता है. दवाइयां, डॉक्टर और देखभाल में काफी पैसा खर्च हो जाता है. लेकिन टीकाकरण बहुत कम खर्च में हो जाता है और पशु को बड़ी बीमारियों से बचा सकता है. अगर पशु को पहले से टीका लगा हो तो मुंह-खुर, लंपी या अन्य खतरनाक बीमारियों का खतरा कम हो जाता है. इसलिए टीकाकरण को सबसे सस्ता और सुरक्षित उपाय माना जाता है.
झुंड के सभी पशु रहते हैं स्वस्थ
अगर एक पशु बीमार हो जाए तो बीमारी दूसरे पशुओं में भी फैल सकती है. इससे पूरे झुंड को नुकसान हो सकता है. नियमित टीकाकरण से झुंड के सभी पशु सुरक्षित रहते हैं. इससे बीमारी फैलने की संभावना कम हो जाती है और पशुपालक को ज्यादा चिंता नहीं करनी पड़ती. स्वस्थ पशु ज्यादा समय तक उत्पादन देते हैं और कम बीमार पड़ते हैं.
दूध उत्पादन में होता है फायदा
बीमार पशु कम दूध देते हैं और कई बार दूध देना बंद भी कर देते हैं. इससे पशुपालक की कमाई घट जाती है. जब पशु स्वस्थ रहते हैं तो दूध उत्पादन अच्छा रहता है. टीकाकरण से पशु ताकतवर रहते हैं और उनकी कार्य क्षमता भी बनी रहती है. इस तरह टीकाकरण सीधे तौर पर पशुपालक की आय बढ़ाने में मदद करता है.
टीकाकरण से पशु स्वस्थ और किसान मजबूत बनते हैं.
पशु की उम्र और ताकत बढ़ती है
बार-बार बीमार पड़ने वाले पशु कमजोर हो जाते हैं और जल्दी बूढ़े हो जाते हैं. लेकिन जिन पशुओं का समय पर टीकाकरण होता है वे ज्यादा मजबूत रहते हैं और ज्यादा साल तक काम करते हैं. इससे पशुपालक को नए पशु खरीदने का खर्च कम करना पड़ता है. यानी एक छोटा सा टीका लंबे समय का फायदा दे सकता है.
सही समय पर टीका लगाना जरूरी
टीकाकरण तभी फायदेमंद होता है जब सही समय पर किया जाए. पशुपालकों को चाहिए कि वे पशु डॉक्टर या पशुपालन विभाग से टीकाकरण का समय जरूर पूछें. सरकार कई जगह मुफ्त टीकाकरण अभियान भी चलाती है. अगर समय पर टीका लग जाए तो पशु ज्यादा सुरक्षित रहते हैं और बीमारी का खतरा बहुत कम हो जाता है.