FPO की महिला किसानों के उगाए आम्रपाली आम की यूके में धूम, पके फलों से लदा कंसाइनमेंट रवाना

FPO Women Farmer mangoes Export: झारखंड के सिमडेगा जिले के बानो ब्लॉक में स्थित महिला किसान उत्पादक कंपनी (एफपीसी) बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से ताजे आम्रपाली आम की खेप को निर्यात किया गया है.

रिजवान नूर खान
नई दिल्ली | Published: 7 Jun, 2026 | 06:17 PM

झारखंड की महिला किसानों के जरिए उगाए गए खास किस्म आम्रपाली आम की विदेशों में डिमांड बढ़ रही है. एफपीओ बनाकर जुड़ी महिलाओं ने वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में इस आम की खेती शुरू की, जिसे उगाकर तो उन्होंने सफलता हासिल की ही है अब विदेश में भी खेप भेजी जा रही है. उद्योग मंत्रालय ने कोलकाता से इस आम की खेप को यूनाइटेड किंगडम के लिए रवाना कर दिया है. वहीं, महिला किसानों में गजब उत्साह देखा जा रहा है.

झारखं की महिला किसानों के आम का निर्यात

केंद्र सरकार लगातार किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास कर रही है. इसी क्रम झारखंड राज्य के आमों का निर्यात शुरू किया गया है और पहली खेप को यूनाइटेड किंगडम भेजा गया है. यह जानकारी वाणिज्य उद्योग मंत्रालय की ओर से रविवार को दी गई. इसे स्थानीय सामान के विदेशों में जाने का शानदार उदाहरण बताते हुए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि झारखंड के सिमडेगा की महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा उगाए गए आम्रपाली आम यूनाइटेड किंगडम पहुंचने वाले हैं.

महिला किसानों को बेहतर मूल्य और नई पहचान मिली

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने राज्य से यूनाइटेड किंगडम के लिए ताजे आमों की पहली वाणिज्यिक खेप को हरी झंडी दिखाकर 4 जून 2026 को कोलकाता से रवाना किया. एपीडा के निरंतर प्रयासों से किसानों को बेहतर मूल्य, महिलाओं को नई पहचान और भारत के कृषि निर्यात को नई गति मिल रही है. वहीं, आम उगाने वाली महिलाओं के चेहरे पर गर्व की खुशी और उत्साह देखा गया.

सिमडेगा की महिला किसानों का 1.5 मीट्रिक टन आम रवाना

मंत्रालय ने बताया कि इस खेप में झारखंड के सिमडेगा जिले के बानो ब्लॉक में स्थित महिला किसान उत्पादक कंपनी (एफपीसी) बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से प्राप्त 1.5 मीट्रिक टन ताजे आम्रपाली आम है. इस खेप का निर्यात कोलकाता स्थित मैसर्स जेजीबी एग्रोफ्रेश प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लंदन, यूनाइटेड किंगडम को किया जा रहा है.

यह निर्यात, सिमडेगा जिले के किसान उत्पादक कंपनियों (एफपीसी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और प्रगतिशील किसानों के लिए एपीडा द्वारा 5 मई, 2026 को आयोजित निर्यात-उन्मुख क्षमता विकास कार्यक्रम के बाद किया जा रहा है. इस कार्यक्रम का उद्देश्य निर्यात संबंधी आवश्यकताओं, गुणवत्ता मानकों और बाजार के अवसरों पर ध्यान केंद्रित करना था.

एपीडा ने किसानों के आमों की खरीद कराई

मंत्रालय के मुताबिक इसके बाद एपीडा ने जिले से निर्यात योग्य गुणवत्ता वाले आमों की खरीद के लिए बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और मैसर्स जेजीबी एग्रोफ्रेश प्राइवेट लिमिटेड के बीच संपर्क स्थापित करने में सहायता की. वर्तमान खेप इसी पहल का परिणाम है. सरकार ने आगे कहा कि इस पहल से क्षेत्र के किसान समूहों के बीच गुणवत्तापूर्ण उत्पादन पद्धतियों को अपनाने, फसल कटाई के बाद बेहतर प्रबंधन करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों का अनुपालन करने को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़