Bengal Election: 4 मई 2026 को पश्चिम बंगाल की सियासत में एक ऐतिहासिक बदलाव आया, जिसने 15 साल पुरानी सत्ता को जड़ से हिला दिया. बंगाल की जनता ने इस बार ऐसा फैसला सुनाया है, जिसने न सिर्फ सरकार बदली बल्कि राजनीतिक समीकरण भी पूरी तरह पलट दिए. 294 सदस्यीय विधानसभा में 206 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में BJP की एंट्री ने राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत कर दी है और अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि, कौन बनेगा बंगाल का अगला मुख्यमंत्री?
ममता बनर्जी की हार बनी सबसे बड़ा झटका
इस चुनाव का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला परिणाम रहा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हार. उन्हें भवानीपुर सीट पर BJP के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी ने हराया. यह हार ममता बनर्जी के लिए न केवल एक व्यक्तिगत झटका है, बल्कि TMC के लिए भी बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रही है.
सरकार गठन की तैयारी, CM चेहरे पर मंथन
BJP की जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? बीजेपी का इतिहास रहा है कि, राज्यों चुनावों में पार्टी कभी भी सीएम फेस की घोषणा पहले नहीं करती है. ऐसे में पीएम मोदी और अमित शाह के सहारे ही चुनाव लड़ा गया. इस बार बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी ने ताबड़तोड़ रैलियां की. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और शीर्ष नेतृत्व के बीच बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.
साथ ही, डिप्टी सीएम बनाने की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित हो सकता है.
कौन हैं मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार?
सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी इस चुनाव में BJP के सबसे मजबूत चेहरों में उभरे हैं. नंदीग्राम से जीत और ममता बनर्जी को हराने के बाद उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है. हालांकि, उन्होंने खुद को पद का इच्छुक नहीं बताया है. उनका राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू होकर TMC और फिर BJP तक पहुंचा है.
दिलीप घोष
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर सीट से जीत हासिल की है. वे संगठन और जनाधार दोनों में मजबूत माने जाते हैं. पार्टी के विस्तार में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है, खासकर 2019 लोकसभा चुनाव में.
समिक भट्टाचार्य
BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य संगठनात्मक कौशल और रणनीति के लिए जाने जाते हैं. बूथ मैनेजमेंट और कैडर मजबूती में उनकी भूमिका अहम रही है, जिससे उन्हें भी संभावित दावेदारों में गिना जा रहा है.
रूपा गांगुली
पूर्व राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री रूपा गांगुली ने सोनारपुर दक्षिण सीट से शानदार जीत दर्ज की है. उनकी लोकप्रियता और शहरी वोटर्स के बीच पकड़ उन्हें एक मजबूत चेहरा बनाती है.
अग्निमित्रा पॉल और स्वपन दासगुप्ता
आसनसोल दक्षिण से जीत हासिल करने वाली अग्निमित्रा पॉल भी पार्टी की उभरती नेता हैं. महिला मुद्दों पर उनकी सक्रियता और मजबूत जनसंपर्क उन्हें खास बनाता है. राशबेहारी सीट से जीतने वाले स्वपन दासगुप्ता बौद्धिक और राजनीतिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं. वे पार्टी के विचारधारात्मक चेहरे के रूप में भी देखे जाते हैं.
क्या संकेत देता है यह जनादेश?
BJP की यह जीत सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राज्य की राजनीतिक संरचना में बड़े बदलाव का संकेत है. मतदाताओं ने स्पष्ट रूप से बदलाव के पक्ष में वोट दिया है, जिससे आने वाले समय में नई नीतियों और प्रशासनिक दिशा की उम्मीद की जा रही है.
पश्चिम बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत ने राज्य की राजनीति को नई दिशा दे दी है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी किसे मुख्यमंत्री बनाती है और आगे की रणनीति क्या होगी. यह चुनाव परिणाम आने वाले समय में राज्य की राजनीति को पूरी तरह बदल सकता है.