बंशीलाल गुर्जर प्रमोट कर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए, स्मृति ईरानी और राम माधव की संगठन में वापसी

BJP President Nitin Nabin Team Announce: भाजपा संगठन में फेरबदल किया गया है और कई पुराने चेहरों की वापसी हुई है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त 2026 को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 17 Aug, 2026 | 04:44 PM

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान कर दिया गया है. राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी गई है.  नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, राम माधव और स्मति ईरानी की बीजेपी में वापसी हुई है. इसके अलावा भारतीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे बंशीलाल गुर्जर को प्रमोट कर किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त 2026 को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है. नई टीम में कई पुराने और अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं. नितिन नवीन ने कहा कि यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति देगी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाएगी.

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनीं

नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, राम माधव की बीजेपी में वापसी हुई है और उन्हें भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.

इन नेताओं की जिम्मेदारी बरकरार रही

संगठन में कई अनुभवी नेताओं को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों पर बरकरार रखा गया है. विनोद तावड़े और सुनील बंसल राष्ट्रीय महासचिव बने रहेंगे, जबकि बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर कायम रहेंगे. अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है. वहीं, अनिल बलूनी राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया से जुड़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे.

शीर्ष टीम में स्मृति ईरानी समेत कई महिलाओं को जगह मिली

नई टीम में महिला प्रतिनिधित्व पर भी खास ध्यान दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में पांच महिलाएं हैं. वहीं, आठ राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति ईरानी अकेली महिला हैं. कुल मिलाकर बीजेपी की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ संगठन को नई ऊर्जा देने की कोशिश दिखाई देती है.

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने बंशीलाल गुर्जर

राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में भारतीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में बंशीलाल गुर्जर को नियुक्त किया गया है. इससे पहले वह भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे. बंशीलाल गुर्जर को प्रमोट किया गया है. वह मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद भी हैं. बंशीलाल गुर्जर पेशे से किसान हैं और उनके पास मध्य प्रदेश में कई हेक्टेयर जमीन है, जिस पर उनका परिवार खेती भी करता है.

नई टीम हमारे संकल्प को ऊंचाइयों पर ले जाएगी- नितिन नबीन

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी. मुझे पूर्ण विश्वास है कि टीम के सभी सदस्य, कार्यकर्ता भाव से संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 17 Aug, 2026 | 03:59 PM

लेटेस्ट न्यूज़