डेयरी सहकारी समितियों से बदल रही गांवों की तस्वीर, दूध बेचकर किसानों को मिल रही सही कीमत और बढ़ रही आय

देश के गांवों में डेयरी सहकारी समितियां किसानों के लिए नई उम्मीद बन रही हैं. पशुपालन और डेयरी विभाग मंत्रालय के अनुसार, किसान मिलकर दूध इकट्ठा करते हैं, उसकी जांच और बिक्री करते हैं, जिससे उन्हें सही कीमत मिलती है. इस व्यवस्था से छोटे किसानों की आय बढ़ रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है.

नोएडा | Published: 10 Mar, 2026 | 01:36 PM

Dairy Cooperatives: भारत के गांवों में सुबह का एक आम दृश्य है-किसान अपने घरों से दूध के बर्तन लेकर डेयरी कलेक्शन सेंटर की ओर जाते हुए. यही छोटा-सा कदम उनके जीवन में बड़ा बदलाव ला रहा है. पशुपालन और डेयरी विभाग मंत्रालय के अनुसार, डेयरी सहकारी समितियां किसानों को एकजुट करके उन्हें बेहतर कीमत, सेवाएं और स्थिर आय का मौका दे रही हैं.

क्या होती है डेयरी सहकारी समिति?

पशुपालन और डेयरी विभाग मंत्रालय के अनुसार, डेयरी सहकारी समिति  ऐसे दूध उत्पादकों का समूह होता है जो मिलकर दूध इकट्ठा करते हैं, उसका प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) करते हैं और बाजार में बेचते हैं. इसमें हर किसान सदस्य बन सकता है और सभी को बराबर का लाभ मिलता है. गांव में एक कलेक्शन सेंटर होता है जहां किसान रोज दूध जमा करते हैं. यहां दूध की जांच होती है और उसी के आधार पर किसान को भुगतान मिलता है. इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाती है और किसान को सीधे सही कीमत मिलती है.

मिलकर काम करने से किसानों को मिलता है फायदा

डेयरी सहकारी समितियों की सबसे बड़ी ताकत है सामूहिकता यानी मिलकर काम करना. जब कई किसान एक साथ जुड़ते हैं तो उनका दूध बड़ी मात्रा  में बाजार तक पहुंचता है. इससे उन्हें बेहतर दाम मिलते हैं. इसके अलावा किसानों को पशु चिकित्सा सेवाएं, चारा प्रबंधन की सलाह, प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक की जानकारी भी मिलती है. छोटे किसान, जिनके पास केवल 2-3 पशु होते हैं, वे भी इस व्यवस्था से अच्छी कमाई कर सकते हैं.

मिलकर दूध बेचने से बढ़ी किसानों की आय और मजबूती.

गांव की अर्थव्यवस्था को मिलती है मजबूती

डेयरी सहकारी समितियां सिर्फ किसानों की आय ही नहीं बढ़ातीं, बल्कि पूरे गांव की अर्थव्यवस्था  को मजबूत करती हैं. जब गांव में दूध का कारोबार बढ़ता है तो उससे कई तरह के रोजगार भी पैदा होते हैं. दूध संग्रह केंद्र, ट्रांसपोर्ट, चारा व्यापार, पशु चिकित्सा सेवाएं और डेयरी उत्पादों की प्रोसेसिंग जैसे कई कामों में लोगों को रोजगार मिलता है. इससे गांव में ही कमाई के नए रास्ते बनते हैं और लोगों का शहरों की ओर पलायन कम होता है.

महिलाओं की भागीदारी से बढ़ी ताकत

पशुपालन और डेयरी विभाग मंत्रालय के अनुसार, डेयरी सहकारी समितियों में महिलाओं की भूमिका भी तेजी से बढ़ रही है. कई राज्यों में महिलाएं खुद दूध उत्पादन  और उसकी बिक्री में आगे आ रही हैं. महिला डेयरी समूह बनने से उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलती है. घर के काम के साथ-साथ वे पशुपालन से आय अर्जित कर रही हैं. इससे परिवार की आय बढ़ती है और गांव में महिलाओं का सामाजिक सम्मान भी बढ़ता है.

साथ मिलकर आगे बढ़ने का मॉडल

भारत में डेयरी सहकारी मॉडल को ग्रामीण विकास का मजबूत  आधार माना जाता है. मंत्रालय का मानना है कि जब किसान मिलकर काम करते हैं तो उनकी ताकत कई गुना बढ़ जाती है. सहकारी व्यवस्था में पारदर्शिता रहती है और हर सदस्य को लाभ में हिस्सा मिलता है. यही वजह है कि देश के कई राज्यों में लाखों किसान डेयरी सहकारी समितियों से जुड़े हुए हैं. सरकार भी इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिससे दूध उत्पादन बढ़े और किसानों की आय में लगातार सुधार हो.

Topics: