बीते कुछ सप्ताह में चीनी की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी ने शॉर्टेज की आशंका को बल दिया है. लेकिन, चीनी व्यापार संगठन AISTA ने चीनी की कमी को नकारा है. संगठन ने चीनी की बेवजह कमी की आशंकाओं पर चिंता जताते हुए लगातार सप्लाई बढ़ाने की मांग की है. इसके साथ ही बदली कृषि परिस्थितियों के मद्देनजर चीनी पेराई सीजन जल्द शुरू करने पर सहमति दी है.
चीनी की कीमतें 15 फीसदी उछलीं
ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (AISTA) ने सोमवार को कहा कि चीनी की कमी की खबरें बेबुनियाद हैं, भले ही एक महीने से भी कम समय में फैक्ट्री-गेट कीमतें लगभग 15 फीसदी बढ़ गई हैं. साथ ही संगठन ने अपने सदस्यों से देश भर में चीनी की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया.
चीनी पेराई सीजन जल्द शुरू करने पर सहमति
अपने 700 संबद्ध मुख्य सदस्यों और संगठनों को भेजे एक संदेश में AISTA ने कहा कि इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (NFCSF) ने 17 जुलाई को संयुक्त रूप से स्पष्ट किया था कि देश में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी स्टॉक मौजूद है. एसोसिएशन ने कहा कि चीनी उद्योग कृषि जलवायु परिस्थितियों के आधार पर 2026-27 सीजन (अक्टूबर-सितंबर) को जल्द से जल्द शुरू करने पर भी सहमत हो गया है.
चीनी इंडस्ट्री से सप्लाई पक्की करने का आह्वान
AISTA के चेयरमैन प्रफुल विठलानी ने संदेश में कहा कि एक महीने से भी कम समय में लगभग 15 फीसदी फैक्ट्री गेट चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने कमी की एक बेवजह धारणा पैदा कर दी है. उन्होंने चीनी वैल्यू चेन से जुड़े सभी पक्षों मिलों, व्यापारिक घरानों, थोक विक्रेताओं, वितरकों और संस्थागत उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे देश भर में चीनी की आसान उपलब्धता पक्की करने के लिए सकारात्मक कदम उठाएं.
विठलानी ने कोविड-19 महामारी के दौरान उद्योग के ट्रैक रिकॉर्ड का हवाला दिया, जब सप्लाई बनाए रखी गई थी और सरकार ने इस प्रयास की सराहना की थी. उन्होंने कहा कि हमें अब भी वैसा ही रवैया अपनाना चाहिए. सदस्यों से सप्लाई पाइपलाइन को सुचारू रूप से चालू रखने और ऐसी गतिविधियों से बचने का आह्वान किया जिनसे इसमें बाधा आ सकती है.
घबराहट में पैनिग बाइंग या जमाखोरी से बचें
उन्होंने सदस्यों से घबराहट में खरीदारी (पैनिक बाइंग) या सट्टेबाजी के लिए स्टॉक जमा करने से बचने, सरकारी नियमों का पालन करने और गुमराह करने वाली जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न देने को भी कहा. हितधारकों को लिखे एक अलग खुले पत्र में AISTA ने कहा कि वह चीनी की उपलब्धता को लेकर आशावादी है. इसके लिए उन्होंने उद्योग द्वारा पर्याप्त स्टॉक स्तर के आश्वासन और गन्ना पेराई (क्रशिंग) के जल्द शुरू होने की संभावना का हवाला दिया.
गन्ने के पेराई के लिए अनुकूल मौसम रहने का अनुमान
एसोसिएशन ने कहा कि उसे उम्मीद है कि फसल कटाई के शुरुआती दौर में मौसम अनुकूल रहेगा और बहुत अधिक बारिश नहीं होगी, जिससे गन्ने की कटाई और पेराई बिना किसी रुकावट के जारी रह सकेगी. AISTA ने मिलों, व्यापारियों और संस्थागत खरीदारों से सरकारी नियमों का सख्ती से पालन करने, कामकाज सुचारू रूप से चलाने और इंडस्ट्री एसोसिएशन के आश्वासनों पर भरोसा करने का आग्रह किया.