दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया EV पोर्टल, अब घर बैठे करें आवेदन.. 60 दिनों में खाते में आएगी सब्सिडी

Delhi EV Policy 2026: दिल्ली सरकार ने EV सब्सिडी पोर्टल लॉन्च कर दिया है. अब इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले लोग घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और आवेदन की स्थिति भी ट्रैक कर पाएंगे. दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद 60 दिनों के भीतर सब्सिडी की राशि DBT के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 4 Jul, 2026 | 09:01 PM

Delhi EV Subsidy: अगर आप दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. दिल्ली सरकार ने नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी का लाभ लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए एक नया ऑनलाइन पोर्टल (http://evsubsidy.delhi.gov.in) शुरू किया है. अब इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले लोगों को सब्सिडी के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. आवेदन से लेकर सब्सिडी मिलने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और मंजूरी मिलने के बाद राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी.

सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और राजधानी को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाना है.

घर बैठे करें EV सब्सिडी के लिए आवेदन

दिल्ली सरकार ने EV सब्सिडी के लिए आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया है. अब कोई भी पात्र नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे आवेदन कर सकता है. इस पोर्टल पर आवेदन करने के साथ-साथ लोग अपने आवेदन की रियल-टाइम ट्रैकिंग भी कर सकेंगे. यानी आवेदन किस चरण में है, इसकी जानकारी भी आसानी से मिल जाएगी.

60 दिनों के भीतर सीधे खाते में आएगी राशि

सरकार के अनुसार, आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद अधिकतम 60 दिनों के भीतर सब्सिडी की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेज दी जाएगी. इस नई व्यवस्था से सब्सिडी मिलने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक तेज और पारदर्शी हो जाएगी. इससे लोगों को भुगतान के लिए लंबे समय तक इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा.

किस वाहन पर कितनी मिलेगी सब्सिडी?

नई EV पॉलिसी के तहत अलग-अलग श्रेणी के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अलग-अलग सब्सिडी तय की गई है.

  • इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (Electric Two-Wheeler) खरीदने पर 30,000 रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी.
  • इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर (Electric Three-Wheeler) खरीदने वालों को 50,000 रुपये तक का लाभ मिलेगा.
  • N1 कैटेगरी के हल्के कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी.

सरकार का मानना है कि इससे आम लोगों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों और व्यावसायिक वाहन चलाने वालों को भी राहत मिलेगी.

स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त दिल्ली की ओर कदम

दिल्ली सरकार का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का मुख्य उद्देश्य राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करना है. पेट्रोल और डीजल वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहन कम प्रदूषण फैलाते हैं, जिससे पर्यावरण को भी फायदा होता है.

लोगों से की गई खास अपील

इस मौके पर दिल्ली सरकार ने नागरिकों से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन अपनाएं और स्वच्छ, हरित तथा प्रदूषण मुक्त दिल्ली बनाने में अपना योगदान दें. अगर आप दिल्ली के निवासी हैं और नया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह नई सुविधा आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. अब ऑनलाइन आवेदन की आसान प्रक्रिया और 60 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में मिलने वाली सब्सिडी के कारण इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना पहले के मुकाबले और भी आसान हो जाएगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 4 Jul, 2026 | 09:01 PM

लेटेस्ट न्यूज़