Earthquake tremors felt in several parts of north India : दिल्ली से जम्मू तक पूरे उत्तर भारत में देर रात करीब 9.40 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद में तेज आंधी के साथ बारिश हुई है. जबकि, शाम को राजस्थान के श्रीगंगानगर और बीकानेर समेत कई हिस्सों में तेज बारिश और ओले भी गिरे हैं. हरियाणा में भी बारिश दर्ज की गई है. अचानक मौसम में हुए इस बदलाव से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है तो वहीं मंडियों में पहुंचा किसानों का अनाज बर्बाद होने का संकट गहरा गया है.
देर रात देर तक हिली धरती
शुक्रवार रात उत्तरी भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिनमें दिल्ली, पंजाब और हरियाणा शामिल हैं. ये झटके, जो कुछ सेकंड तक रहे, रात 9:46 बजे आए. दिल्ली से जम्मू तक तब पूरे उत्तर भारत में भूकंप महसूस किया. जम्मू कश्मीर, चंडीगढ़, दिल्ली NCR में भूकंप के झटके महसूस किए गए.
गाजियाबाद की हाईराइज बिल्डिंगों से बाहर भागे लोग
दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. हाई राइज सोसाइटीज के फ्लैट में रहने वाले लोग दहशत में घरों से निकलकर बाहर भागे. एक एक स्थानीय निवासी ने एएनआई से कहा कि भूकंप आया था. हल्का महसूस हुआ, हम बाहर निकल आए. घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सुरक्षा जरूरी है. वहीं, एक अन्य एक स्थानीय निवासी ने कहा कि भूकंप आया था, बारिश हो रही थी. तेज भूकंप नहीं था. हल्का भूकंप महसूस हुआ. मैं बाहर आ गया.
#WATCH | Delhi: Another person says, “When the earthquake struck, I was sitting in the room, and I felt the bed shaking, and when I looked up, the fan was shaking too. When I came out, I saw that the people around me were also scared…” https://t.co/27ie3D6rVW pic.twitter.com/d1b34yF2Qi
— ANI (@ANI) April 3, 2026
चंडीगढ़ में फ्लैट से निकलकर बाहर भागे लोग
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार चंडीगढ़ के रहने वाले बलदेव चंद, जो दूसरी मंजिल पर एक फ्लैट में रहते हैं. उन्होंने कहा कि मुझे एक जोरदार झटका महसूस हुआ जो कुछ सेकंड तक रहा. पंजाब के जीरकपुर में एक रिहायशी सोसायटी की 11वीं मंजिल पर रहने वाले अजय कुमार ने कहा कि झटके कुछ सेकंड तक रहे. हमने नीचे भागने का सोचा, लेकिन झटके जल्द ही रुक गए.
राजस्थान में तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे
राजस्थान में कई स्थानों पर मौसम में अचानक आये बदलाव से शुक्रवार को आंधी के साथ बारिश हुई. नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण श्रीगंगानगर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ सहित पश्चिमी राजस्थान के जिलों में मेघ गर्जना के साथ बौछारें पड़ीं. श्रीगंगानगर के कुछ गांवों में ओलावृष्टि दर्ज की गई. जालोर, पाली और बाड़मेर में भी दोपहर बाद तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में चालीस से पचास किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. विभाग ने आगामी घंटों में जोधपुर और बीकानेर संभाग में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
किसानों की फसलों को नुकसान, मंडियों में रखा अनाज बर्बाद होने का खतरा
अचानक मौसमी बदलाव से एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं किसानों पर यह बारिश आफत बनकर टूटी है. गेहूं की फसल चौपट होने का खतरा बढ़ गया है. बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने फसल को खेत में गिरा दिया है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य हिस्सों में खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों और मंडियों में रखे अनाज को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है.