Gold Rate: लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना, चांदी भी फिसली, जानें आज आपके शहर में क्या हैं नए भाव

Gold Price Today: सोना लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ है. पिछले तीन दिनों में 24 कैरेट सोना 10 ग्राम पर 1,540 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,410 रुपये तक सस्ता हो चुका है. वहीं चांदी भी 100 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है. विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख, मजबूत डॉलर और अंतरराष्ट्रीय बाजार की हलचल के कारण सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 15 Jul, 2026 | 10:45 AM

Gold-Silver Rate Today: सोना और चांदी खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. देशभर में लगातार तीसरे दिन सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. वहीं चांदी भी सस्ती हुई है. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और मजबूत डॉलर का असर अब सोने-चांदी की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है. अगर आप निवेश या ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो पहले अपने शहर के ताजा भाव जरूर जान लें.

लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना

राजधानी दिल्ली में आज भी सोने की कीमत में हल्की गिरावट दर्ज की गई. पिछले तीन दिनों में 24 कैरेट सोना 10 ग्राम पर 1,540 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,410 रुपये तक सस्ता हो चुका है. आज दिल्ली में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,42,940 रुपये और 22 कैरेट सोने का भाव 1,31,040 रुपये है. वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 1,07,240 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई.

देश के बड़े शहरों में सोने के ताजा भाव

देश के अलग-अलग शहरों में सोने के दाम में थोड़ा-बहुत अंतर देखने को मिला.

शहर 24 कैरेट (₹/10 ग्राम) 22 कैरेट (₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,42,940 1,31,040
मुंबई 1,42,790 1,30,890
कोलकाता 1,42,790 1,30,890
चेन्नई 1,43,450 1,31,490
बेंगलुरु 1,42,790 1,30,890
हैदराबाद 1,42,790 1,30,890
लखनऊ 1,42,940 1,31,040
पटना 1,42,840 1,30,940
जयपुर 1,42,940 1,31,040
अहमदाबाद 1,42,840 1,30,940

क्यों घट रहे हैं सोने के दाम?

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव ने वैश्विक बाजार में हलचल बढ़ा दी है. इस वजह से कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला. इसका असर निवेशकों की रणनीति पर पड़ा और सोने की कीमतों पर दबाव बन गया. हालांकि बाजार जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात बदलने पर सोने के भाव में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.

चांदी की कीमत में भी आई नरमी

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी आज हल्की गिरावट दर्ज की गई है. लगातार तीन दिनों तक दाम स्थिर रहने के बाद अब चांदी 100 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है. आज दिल्ली में एक किलो चांदी का भाव 2,34,900 रुपये है. वहीं मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में भी चांदी इसी कीमत पर बिक रही है. यानी फिलहाल देश के प्रमुख महानगरों में चांदी की कीमत लगभग एक समान बनी हुई है. ऐसे में चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह कीमतों पर नजर रखने का अच्छा समय हो सकता है.

खरीदारी से पहले क्या करें?

अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अपने शहर के ताजा भाव जरूर जांच लें. साथ ही यह भी ध्यान रखें कि ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज, जीएसटी और अन्य शुल्क अलग से जुड़ते हैं. इसलिए अंतिम कीमत बाजार भाव से कुछ अधिक हो सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़