सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट, एक हफ्ते में गोल्ड 2,000 रुपये से ज्यादा टूटा, जानें आपके शहर का ताजा भाव

Gold-Silver Rate Today: जून की शुरुआत में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. पिछले एक सप्ताह में 24 कैरेट सोना 2,000 रुपये से ज्यादा और चांदी 5,000 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हुई है. विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और वैश्विक अनिश्चितताओं का असर कीमती धातुओं के दाम पर पड़ा है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 1 Jun, 2026 | 10:23 AM

Gold Rate Today: देश में जून महीने की शुरुआत सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के साथ हुई है. पिछले कुछ दिनों से लगातार उतार-चढ़ाव के बीच अब निवेशकों और खरीदारों को थोड़ी राहत मिली है. 1 जून को देश के प्रमुख शहरों में सोने के भाव में कमी दर्ज की गई, जबकि चांदी की कीमत भी पिछले सप्ताह के मुकाबले नीचे आई है. वैश्विक बाजार में बदलते हालात, डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर कीमती धातुओं पर साफ दिखाई दे रहा है.

एक सप्ताह में 2,000 रुपये से ज्यादा टूटा सोना

बीते एक सप्ताह के दौरान सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. 24 कैरेट सोना करीब 2,020 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ है, जबकि 22 कैरेट सोने के भाव में लगभग 1,850 रुपये की कमी दर्ज की गई है. कीमतों में इस गिरावट ने उन लोगों का ध्यान आकर्षित किया है जो निवेश या गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं. राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,57,180 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोने का भाव 1,44,090 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार का क्या है असर?

सोने की कीमतों में आई गिरावट के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय कारण माने जा रहे हैं. अमेरिकी डॉलर मजबूत होने से निवेशकों का रुझान सोने की ओर थोड़ा कम हुआ है. इसके अलावा, दुनिया भर में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता का भी सोने की मांग पर असर पड़ा है.

फिलहाल ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 93 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है, जिससे वैश्विक बाजारों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत करीब 4,527 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है.

देश के प्रमुख शहरों में सोने का ताजा भाव

शहर 24 कैरेट सोना (₹/10 ग्राम) 22 कैरेट सोना (₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,57,180 1,44,090
जयपुर 1,57,180 1,44,100
लखनऊ 1,57,180 1,44,090
चंडीगढ़ 1,57,180 1,44,090
मुंबई 1,57,030 1,43,940
कोलकाता 1,57,030 1,43,940
हैदराबाद 1,57,030 1,43,940
पुणे 1,57,030 143950
बेंगलुरु 1,57,030 143950
चेन्नई 1,59,590 1,46,290

चांदी की कीमतों में भी आई नरमी

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है. 1 जून को चांदी का भाव 2,79,900 रुपये प्रति किलोग्राम रहा. पिछले एक सप्ताह में चांदी करीब 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती हुई है. हालांकि, इस साल की शुरुआत में चांदी ने रिकॉर्ड तेजी दिखाई थी और जनवरी में इसकी कीमत 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को भी पार कर गई थी. मौजूदा गिरावट के बावजूद निवेशकों की नजरें अभी भी चांदी के बाजार पर बनी हुई हैं.

घरेलू और वैश्विक कारकों से तय होती हैं कीमतें

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में सोने और चांदी की कीमतें केवल घरेलू मांग और आपूर्ति पर निर्भर नहीं करतीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के हाल भी इन पर बड़ा प्रभाव डालती हैं. डॉलर इंडेक्स, वैश्विक आर्थिक हालात, कच्चे तेल की कीमतें, केंद्रीय बैंकों की नीतियां और भू-राजनीतिक घटनाएं कीमती धातुओं के दाम तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़