Gold Rate: गोल्ड मार्केट में बड़ा उलटफेर! डॉलर की मजबूती से टूटे सोने-चांदी के भाव, दिल्ली से मुंबई तक जानें नया रेट

Gold Price: सोमवार को देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. डॉलर की मजबूती और वैश्विक तनाव के कारण गोल्ड मार्केट पर दबाव बना है. दिल्ली में 24 कैरेट सोना घटकर 1,57,070 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि चांदी का भाव 2,79,900 रुपये प्रति किलो हो गया.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 18 May, 2026 | 11:00 AM

Gold Rate Today: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. पिछले कुछ दिनों से लगातार तेजी के बाद अब गोल्ड मार्केट में हल्की नरमी आई है, जिससे निवेशकों और ग्राहकों दोनों की नजरें बाजार पर टिक गई हैं. खासकर शादी-ब्याह और निवेश के लिए सोना खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है.

विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर के मजबूत होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितताओं के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बना है. वहीं अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव, कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता और महंगाई बढ़ने की आशंका ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है.

क्यों फिसले सोने के दाम?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर मजबूत होने की वजह से सोने की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है. आसान भाषा में समझें तो जब डॉलर की कीमत बढ़ती है, तब लोग सोने में पैसा लगाने के बजाय डॉलर या उससे जुड़े निवेश को ज्यादा सुरक्षित मानते हैं. इससे सोने की मांग कम हो जाती है और कीमतें नीचे आने लगती हैं.

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है, जिससे दुनियाभर के बाजारों में अनिश्चितता का माहौल है. खासतौर पर होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम समुद्री रास्ते को लेकर चिंता बढ़ी हुई है, क्योंकि इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है. अगर यहां कोई परेशानी होती है, तो तेल-गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इससे पेट्रोल-डीजल महंगे हो सकते हैं और आम लोगों पर महंगाई का असर बढ़ सकता है.

देश के बड़े शहरों में आज का गोल्ड रेट

शहर 24 कैरेट सोना (₹/10 ग्राम) 22 कैरेट सोना ( ₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,57,070 1,43,990
मुंबई 1,56,920 1,43,840
कोलकाता 1,56,920 1,43,840
चेन्नई 1,60,900 1,47,490
जयपुर 1,57,070 1,43,990
लखनऊ 1,57,070 1,43,990
चंडीगढ़ 1,57,070 1,43,990

चांदी की कीमत में भी आई गिरावट

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है. सोमवार सुबह चांदी का भाव घटकर 2,79,900 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया. हालांकि पिछले सप्ताह चांदी में लगभग 5,000 रुपये की तेजी देखने को मिली थी. गौरतलब है कि इस साल जनवरी में चांदी ने 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर रिकॉर्ड स्तर छू लिया था.

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक परिस्थितियों, डॉलर की चाल और कच्चे तेल की कीमतों का असर सोने-चांदी के बाजार पर देखने को मिलता रहेगा. ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय बाजार की स्थिति पर नजर बनाए रखनी चाहिए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 18 May, 2026 | 10:59 AM

लेटेस्ट न्यूज़