भयंकर गर्मी और तेज गर्म हवाओं से परेशान लोगों को राहत मिलने वाली है. दरअसल, मॉनसून की एंट्री देश में होने वाली है. मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 4 जून को दक्षिण पश्चिम मॉनसून केरल में एंट्री करेगा. इस दौरान झमाझम बारिश और 50 से 80 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. मॉनसून केरल, लक्ष्यद्वीप से होकर तमिलनाडु और फिर बाद में देश के बाकी हिस्सों में पहुंचेगा. हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस बार जून से सितंबर के दौरान औसत से कम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है.
केरल और तमिलनाडु में मॉनसून की एंट्री होगी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले चार दिन मॉनसूनी बारिश के लिए मुफीद हैं और इसी दौरान मॉनसून की एंट्री होगी. यानी 4 जून को मॉनसून की एंट्री का अनुमान जताया गया है. हालांकि, आईएमडी ने पूर्वानुमान में कहा था कि 4 दिन पहले मॉनसून की एंट्री होगी. लेकिन, अब 3 दिन देरी से एंट्री होने की संभावना जताई गई है. बता दें कि हर साल 1 जून तक दक्षिण पश्चिम मॉनसून की एंट्री हो जाती है.
मॉनसून की एंट्री पर क्या बोला IMD
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आधिकारिक बयान में कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले दो से तीन दिनों में केरल पहुंचने की उम्मीद है. आमतौर पर, यह मौसम 1 जून के आसपास शुरू होता है. मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप द्वीप समूह, तथा केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं.
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मॉनसून अनुकूल स्थितियां
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि केरलम और तमिलनाडु में मॉनसून के पहुंचने के लिए वातावरण की परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी तथा लक्षद्वीप और कन्याकुमारी क्षेत्र के और इलाकों में मॉनसून आगे बढ़ रहा है.
केरल के ज्यादातर जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने केरलम में तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है और आज के लिए आठ जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया है. कल भी छह जिलों में यैलो अलर्ट जारी रहेगा. विभाग ने लिए आठ जिलों में भी यैलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को केरलम और लक्षद्वीप तट पर तीन जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.