लाड़ली बहनों के खाते में आई 40वीं किस्त, CM मोहन यादव ने जारी किए 1,835 करोड़ रुपये

Ladli Behna Yojana: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा से लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की. इस बार प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में DBT के जरिए कुल 1,835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. पात्र महिलाओं को सितंबर की नियमित किस्त के रूप में 1,500 रुपये मिले हैं.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 13 Sep, 2026 | 03:52 PM

Ladli Behna Yojana 40th Installment: मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के लिए रविवार का दिन खास रहा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की. सिंगल क्लिक के जरिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपये भेजे गए. नियमित किस्त के तौर पर इस बार हर पात्र महिला के खाते में 1,500 रुपये पहुंचे हैं.

आगर मालवा से सीएम ने जारी की 40वीं किस्त

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगर मालवा जिले के कार्यक्रम से प्रदेशभर की लाड़ली बहनों को यह राशि ट्रांसफर की. इस योजना का मकसद महिलाओं को हर महीने आर्थिक मदद देना है, जिससे वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतों और परिवार से जुड़े खर्चों में सहारा पा सकें. सरकार की ओर से इस किस्त के लिए बड़ी राशि एक साथ जारी की गई है. करीब 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में पैसा पहुंचाया गया है.

सितंबर महीने की नियमित किस्त के रूप में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये दिए गए हैं. इससे पहले रक्षाबंधन के समय अतिरिक्त राशि मिलने की वजह से महिलाओं को 1,750 रुपये तक मिले थे. हालांकि इस बार नियमित मासिक भुगतान 1,500 रुपये ही है. इ

खाते में पैसे नहीं आए तो ऐसे करें जांच

अगर किस्त जारी होने के बाद भी किसी महिला के बैंक खाते में रकम नहीं पहुंची है, तो सबसे पहले घबराने की जरूरत नहीं है. लाभार्थी आधिकारिक लाड़ली बहना पोर्टल पर जाकर भुगतान की जानकारी देख सकती हैं. इसके लिए cmladlibahna.mp.gov.in पर जाकर अपने समग्र आईडी से पेमेंट स्टेटस चेक किया जा सकता है. इसके साथ ही यह भी देखना जरूरी है कि बैंक खाता आधार से लिंक है या नहीं और DBT की सुविधा चालू है या नहीं. इनमें से किसी भी स्तर पर दिक्कत होने पर किस्त खाते में पहुंचने में परेशानी आ सकती है.

अगले पांच साल तक जारी रहेगी योजना?

लाड़ली बहना योजना को लेकर सरकार पहले ही कह चुकी है कि पात्र महिलाओं को आगे भी इसका लाभ मिलता रहेगा. राज्य सरकार ने योजना को अगले पांच साल तक जारी रखने को मंजूरी दी है. ऐसे में लाभार्थियों को आने वाले समय में भी मासिक सहायता मिलती रहने की उम्मीद है. सरकार की ओर से भविष्य में 1,500 रुपये की मासिक राशि बढ़ाने की संभावना की भी चर्चा होती रही है. हालांकि, राशि बढ़ाने को लेकर अंतिम फैसला सरकार के आधिकारिक ऐलान के बाद ही स्पष्ट होगा.

विकास कार्यों की भी मिली सौगात

आगर मालवा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सिर्फ लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी नहीं की, बल्कि जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी. उन्होंने 225.95 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 नए विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया. इसके अलावा 28.14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 17 निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया. यानी कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आर्थिक मदद के साथ क्षेत्र के लिए विकास योजनाओं की भी घोषणा और शुरुआत हुई.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 13 Sep, 2026 | 03:50 PM