New rules May 2026: हर महीने की पहली तारीख कुछ न कुछ बदलाव लेकर आती है, लेकिन इस बार 1 मई 2026 कई बड़े बदलावों के साथ आई है. इन नए नियमों का असर सीधे आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्चों पर पड़ने वाला है. चाहे रसोई गैस की बात हो, डिजिटल पेमेंट, ATM से पैसे निकालना हो या फिर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल हर जगह कुछ न कुछ नया लागू हुआ है. साथ ही किसानों और कर्मचारियों से जुड़े फैसले भी इस दिन से लागू हुए हैं.
कमर्शियल गैस सिलेंडर 993 रुपये महंगा
1 मई से कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी हुई है. अब दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 3,071.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 2,078.50 रुपये था. इस बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर खर्च बढ़ेगा.
इसके साथ LPG सिलेंडर के नियमों में बदलाव देखने को मिला है. गैस बुकिंग और डिलीवरी के दौरान अब ओटीपी आधारित वेरिफिकेशन को जरूरी बनाया जा सकता है, जिससे सुरक्षा बढ़ेगी. उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी भी जरूरी हो गई है.
ATM से पैसे निकालना हुआ महंगा
अब ATM से बार-बार पैसे निकालना जेब पर भारी पड़ सकता है. फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट खत्म होने के बाद हर बार कैश निकालने पर अब 23 रुपये देने होंगे, जो पहले 21 रुपये था. मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के ATM से 3 बार और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 बार ही मुफ्त ट्रांजैक्शन मिलते हैं. इसके बाद हर बार शुल्क देना पड़ेगा.
UPI पेमेंट में बढ़ी सुरक्षा
डिजिटल पेमेंट को और सुरक्षित बनाने के लिए अब यूपीआई ट्रांजैक्शन में अतिरिक्त वेरिफिकेशन लागू किया जा सकता है. यानी अब सिर्फ पिन डालना ही काफी नहीं होगा, बल्कि बायोमेट्रिक या अन्य ऑथेंटिकेशन की जरूरत भी पड़ सकती है. इस कदम का मकसद ऑनलाइन फ्रॉड को रोकना और यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाना है.
क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए नए नियम
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए कुछ नियम सख्त किए गए हैं. कई बैंकों ने रिवॉर्ड प्वाइंट्स में कटौती की है और लेट पेमेंट चार्ज बढ़ा दिए हैं. SBI के कार्ड यूजर्स के लिए अब 100 से 500 रुपये तक बकाया पर 100 रुपये लेट फीस लगेगी, जबकि 500 से 1000 रुपये के बकाया पर 500 रुपये तक शुल्क देना होगा. इसके अलावा कुछ कार्ड्स पर सालाना फीस माफी के लिए खर्च की सीमा भी बढ़ा दी गई है.
फ्लाइट और गैस ईंधन पर असर
एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दामों में बदलाव का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ सकता है. अगर ATF महंगा होता है, तो फ्लाइट टिकट के दाम भी बढ़ सकते हैं. इसके साथ ही CNG और PNG की कीमतों में बदलाव से ट्रांसपोर्ट और घरेलू खर्च पर भी असर पड़ सकता है.
ऑनलाइन गेमिंग के लिए नए नियम
अब ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर को तीन हिस्सों में बांटा गया है मनी गेम्स, सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स. पैसे से जुड़े गेम्स के लिए रजिस्ट्रेशन और सख्त नियम लागू किए गए हैं, ताकि धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके.
बीमा योजनाओं में ऑटो-डेबिट लागू
सरकारी बीमा योजनाओं का प्रीमियम अब सीधे बैंक खाते से कटेगा. प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लिए ₹436 और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लिए ₹20 सालाना प्रीमियम ऑटो-डेबिट होगा. इससे लोगों को समय पर भुगतान करने में आसानी होगी और बीमा कवरेज जारी रहेगा.
श्रम कानूनों में बदलाव
मजदूर दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में नए श्रम कानून लागू किए गए हैं. इनका असर कर्मचारियों की सैलरी, पीएफ योगदान और काम के घंटों पर पड़ेगा. इन नियमों से कर्मचारियों को कुछ मामलों में लाभ मिलेगा, वहीं कंपनियों के लिए नई व्यवस्था लागू होगी.
किसानों के लिए राहत की खबर
1 मई से पंजाब में दूध खरीद कीमतों में भी बढ़ोतरी लागू हो गई है. इससे डेयरी किसानों को सीधा फायदा मिलेगा. प्रति किलोग्राम फैट 20 रुपये की बढ़ोतरी से करीब 2.5 लाख किसानों की आय बढ़ेगी और इसका असर अन्य निजी कंपनियों पर भी पड़ेगा.