तेंदू पत्ता श्रमिकों की लगी लॉटरी.. बढ़ी मजदूरी, मिलेगा 25 फीसदी बोनस, सरकार देगी 74.78 करोड़ रुपये

ओडिशा सरकार ने तेंदू पत्ता तोड़ने वाले श्रमिकों, पत्ता बांधने वालों और मौसमी कर्मचारियों के लिए बड़ा कल्याणकारी पैकेज मंजूर किया है. मजदूरी बढ़ाने के साथ 25 प्रतिशत बोनस और 5 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी. इस योजना पर सरकार कुल 74.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जिससे हजारों वन श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा.

नोएडा | Updated On: 14 Jul, 2026 | 02:08 PM

Tendu Leaf Workers: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने तेंदू पत्ता तोड़ने वाले श्रमिकों, पत्ता बांधने वाले मजदूरों और मौसमी कर्मचारियों के लिए बड़ा कल्याणकारी पैकेज मंजूर किया है. इस फैसले के तहत मजदूरी में बढ़ोतरी, 25 प्रतिशत बोनस और 5 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया गया है. सरकार का कहना है कि इस पैकेज से लाखों वन श्रमिकों, खासकर आदिवासी परिवारों की आय बढ़ेगी और वन आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी. इस पूरे पैकेज पर सरकार 74.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी.

मजदूरी बढ़ी, श्रमिकों को मिलेगा सीधा फायदा

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मंजूरी के बाद तेंदू पत्ता  तोड़ने वालों को अब प्रति केरी (20 पत्ते) पर 10 पैसे और प्रति फला (40 पत्ते) पर 20 पैसे अधिक मिलेंगे. इस मजदूरी बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर 10.78 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा. सरकार का मानना है कि इससे तेंदू पत्ता संग्रहण करने वाले हजारों परिवारों की आमदनी में सीधा इजाफा होगा और उन्हें अपने श्रम का बेहतर मूल्य मिलेगा.

25 फीसदी बोनस और 5 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी

सरकार ने तेंदू पत्ता तोड़ने वाले श्रमिकों के लिए 25 प्रतिशत बोनस देने की भी मंजूरी दी है. वहीं पत्ता बांधने वाले श्रमिकों और मौसमी कर्मचारियों  को 5 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इन दोनों लाभों पर सरकार करीब 64 करोड़ रुपये खर्च करेगी. मजदूरी बढ़ोतरी और प्रोत्साहन राशि को मिलाकर इस कल्याणकारी पैकेज की कुल लागत 74.78 करोड़ रुपये होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वन श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है.

हरा सोना कहलाता है केंदू पत्ता

ओडिशा में केंदू (तेंदू) पत्ता सबसे महत्वपूर्ण लघु वन उत्पादों में शामिल  है. इसे राज्य का ‘हरा सोना’ (Green Gold) भी कहा जाता है. यह व्यापार खासकर आदिवासी और ग्रामीण परिवारों के लिए आय का बड़ा साधन है. गर्मियों के मौसम में, जब खेती का काम कम होता है, तब तेंदू पत्ता संग्रहण लाखों लोगों को रोजगार देता है. सरकारी जानकारी के अनुसार, यह कारोबार हर साल 100 लाख से अधिक मानव-दिवस (Mandays) का रोजगार सृजित करता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है.

रथ यात्रा की तैयारियों की भी हुई समीक्षा

इस बीच मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी  ने पुरी में होने वाली विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान ओडिशा पुलिस और CAPF के करीब 12,000 जवान, 19 वरिष्ठ IPS अधिकारी, 1,700 बायो-टॉयलेट, 8 अस्थायी अस्पताल, 473 CCTV कैमरे, 65 LED डिस्प्ले स्क्रीन और 16 स्थायी टेलीकॉम टावर तैनात किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

Published: 14 Jul, 2026 | 01:16 PM

Topics: