अगर आपका खाता इस बैंक में है तो ध्यान दें, लगातार 6 दिन बंद रह सकता है कामकाज, जानें वजह

बैंक शाखाओं में काम प्रभावित हो सकता है, लेकिन ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है. SBI की डिजिटल सेवाएं पहले की तरह काम करती रहेंगी. ग्राहक UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे. एटीएम से कैश निकासी की सुविधा भी जारी रहेगी. फिर भी चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, ड्राफ्ट और शाखा से जुड़े कई कामों में देरी हो सकती है.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 22 May, 2026 | 09:10 AM

SBI bank holiday: अगर आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है, तो आने वाले कुछ दिनों में आपके कई जरूरी बैंकिंग काम अटक सकते हैं. दरअसल 23 मई से 28 मई 2026 तक अलग-अलग कारणों की वजह से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने वाली हैं. इनमें वीकेंड, कर्मचारियों की हड़ताल और बकरीद की छुट्टियां शामिल हैं. ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि बैंक से जुड़े जरूरी काम समय रहते निपटा लें.

लगातार कई दिन बंद रहेगा बैंक

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI में अगले कुछ दिनों तक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रह सकता है. 23 मई को चौथे शनिवार के कारण बैंक बंद रहेंगे, जबकि 24 मई को रविवार की छुट्टी रहेगी.

इसके बाद 25 और 26 मई को SBI कर्मचारियों ने हड़ताल का ऐलान किया है. वहीं 27 और 28 मई को कई राज्यों में बकरीद की छुट्टियों के चलते बैंक बंद रह सकते हैं. जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन अवकाश रहने की संभावना है.

क्यों हड़ताल पर जा रहे हैं कर्मचारी?

SBI कर्मचारियों की यूनियन AISBISF ने 16 मांगों को लेकर हड़ताल का फैसला लिया है. कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से कई जरूरी मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उनकी मांगों में खाली पदों पर स्थायी भर्ती, शाखाओं में पर्याप्त स्टाफ, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों के ट्रांसफर नियमों में बदलाव और प्रमोशन नीति में सुधार जैसी बातें शामिल हैं.

आउटसोर्सिंग और काम के दबाव पर नाराजगी

कर्मचारियों ने स्थायी कामों को बाहरी एजेंसियों को देने का भी विरोध किया है. उनका कहना है कि शाखाओं में काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है लेकिन स्टाफ की कमी दूर नहीं की जा रही. इसके अलावा मेडिकल सुविधाओं, पेंशन व्यवस्था और HRMS सॉफ्टवेयर की तकनीकी समस्याओं को लेकर भी कर्मचारी लंबे समय से नाराज बताए जा रहे हैं.

ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू

हालांकि बैंक शाखाओं में काम प्रभावित हो सकता है, लेकिन ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है. SBI की डिजिटल सेवाएं पहले की तरह काम करती रहेंगी. ग्राहक UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे. एटीएम से कैश निकासी की सुविधा भी जारी रहेगी. फिर भी चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, ड्राफ्ट और शाखा से जुड़े कई कामों में देरी हो सकती है.

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

जिन लोगों को बैंक शाखा जाकर कोई जरूरी काम करवाना है, वे उसे पहले ही पूरा कर लें. खासकर बड़े ट्रांजैक्शन, चेक जमा करने या लोन संबंधी कामों में देरी हो सकती है. लगातार छुट्टियों और हड़ताल की वजह से कई शहरों में बैंक शाखाओं के बाहर भीड़ बढ़ने की संभावना है. ऐसे में ग्राहकों को पहले से योजना बनाकर काम करने की सलाह दी जा रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 May, 2026 | 09:10 AM