तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सीएम पद की आज शपथ ग्रहण करने के तुरंत बाद जो पहली फाइल पास की है, वह बिजली बिल माफी की है. मुख्यमंत्री विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक बिजली बिल माफ कर दिया है. उन्होंने चुनावी संकल्प पत्र में बिजली बिल माफ करने और छूट देने का वादा किया था, जिसे उन्होंने सीएम बनते ही पूरा कर दिया है. अब किसानों की पूरी कर्जमाफी के वादे को भी पूरा किए जाने की संभावना बढ़ गई है.
CM विजय ने बिजली मुफ्त देने का पहला आदेश साइन किया
तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के संस्थापक विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के तुरंत बाद घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की फाइल पर साइन किए हैं. मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि तमिलनाडु में न्याय के शासन का एक नया युग अब शुरू हो गया है.
महिला सुरक्षा और नशीले पदार्थों पर रोक के लिए नई यूनिट बनाने को मंजूरी दी
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री विजय ने इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष बल बनाने को मंजूरी देते हुए फाइल पर हस्ताक्षर किए. वहीं, उन्होंने पूरे राज्य में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने वाली यूनिट्स बनाने की भी मंजूरी देते हुए फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं.
सीएम बोले- सत्ता का एकमात्र केंद्र वही होंगे
मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि “असली धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय” के प्रति समर्पित शासन का एक नया युग अब शुरू हो गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके अलावा कोई और सत्ता का केंद्र नहीं होगा और इस बात पर बल दिया कि सत्ता का एकमात्र केंद्र वही होंगे.
कांग्रेस समेत सहयोगी पार्टियों और युवाओं को धन्यवाद दिया
उन्होंने सरकार बनाने के लिए अपनी पार्टी को समर्थन देने के लिए कांग्रेस, VCK, IUML और वामपंथी पार्टियों को धन्यवाद दिया. सीएम विजय ने विशेष रूप से युवाओं को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्हीं की वजह से TVK जीती, क्योंकि उन्होंने अपने परिवारों को उनकी पार्टी को वोट देने के लिए मनाया था.
किसानों की कर्जमाफी का आदेश जारी होगा
सीएम विजय के शपथ लेते ही अपने वादों को पूरा करना शुरू कर दिया है और अब किसानों की कर्जमाफी करने का वादा पूरा होने की संभावना जताई जा रही है. TVK प्रमुख विजय ने 23 अप्रैल की चुनावी सभा में कहा था कि सत्ता में आने पर किसानों के फसल ऋण माफ किया जाएगा. तिरुपूर में जनसभा में बोलते हुए विजय ने कहा था कि 5 एकड़ से कम जमीन वाले छोटे किसानों के लिए फसल ऋण की पूरी तरह माफ किया जाएगा. 5 एकड़ से अधिक जमीन वाले किसानों के लिए 50 फीसदी माफी दी जाएगी.