टीवीके सरकार की पहली कैबिनेट बैठक, CM जोसेफ विजय ने लिए कई अहम फैसले.. रोडमैप तैयार

चेन्नई में टीवीके सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 436 विकास कार्यों का रोडमैप तैयार किया गया. योजनाओं को 10 स्तंभों में बांटकर 'वेत्री तमिझागम' नाम दिया गया. सरकार ने नशामुक्त तमिलनाडु, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और मेकेदातु विवाद पर सख्त रुख सहित कई अहम फैसलों की जानकारी दी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 6 Jun, 2026 | 07:06 PM

Tamil Nadu News: चेन्नई में टीवीके सरकार की पहली कैबिनेट बैठक मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अध्यक्षता में हुई. इस बैठक में सरकार ने 436 विकास कार्यों का एक बड़ा रोडमैप तैयार किया है, जिसका मुख्य फोकस भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर है. ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी विभागों की योजनाएं ‘वेत्री तमिझागम’ नाम से पेश की हैं. इसमें हर विभाग के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किए गए हैं और यह भी बताया गया है कि उन्हें किस दिशा में काम करना होगा.

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार की इन विकास योजनाओं को 10 मुख्य स्तंभों में बांटा गया है. इनमें तमिल पहचान और गौरव, सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं का कल्याण, युवाओं का कल्याण, किसानों, कृषि मजदूरों और मछुआरों  का कल्याण, विश्वस्तरीय शिक्षा, समृद्ध तमिलनाडु, स्वास्थ्य और पर्यावरण, आधुनिक बुनियादी ढांचा और पारदर्शी शासन शामिल हैं. मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा कि हर क्षेत्र के लिए अलग-अलग विजन स्टेटमेंट तैयार किए गए हैं, ताकि सभी विभागों को साफ लक्ष्य मिल सके और काम सही दिशा में आगे बढ़े.

विस्तृत कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए हैं

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने-अपने विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर विस्तृत कार्य योजना  बनाने के निर्देश दिए हैं. इसमें काम पूरा करने की समय-सीमा तय करने और योजनाओं को तेजी से लागू करने पर जोर दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि ये सभी योजनाएं टीवीके के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों पर आधारित हैं.

इन विकास योजनाओं का विस्तार से अध्ययन करेंगे

मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा कि सभी मंत्री इन विकास योजनाओं का विस्तार से अध्ययन करेंगे और उनकी पूरी कार्य योजना (इम्प्लीमेंटेशन ब्लूप्रिंट) तैयार करेंगे. मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद इन योजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का एक अहम लक्ष्य नशामुक्त तमिलनाडु बनाना है. उनके अनुसार, पिछले पांच वर्षों में राज्य में नशीले पदार्थों का प्रसार बढ़ा है. इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जा सके.

अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करें

मंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार कावेरी नदी पर कर्नाटक द्वारा मेकेदातु बांध बनाने के प्रयास का कानूनी तौर पर पूरा विरोध करेगी और इसके खिलाफ सभी जरूरी कदम उठाएगी. सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने मंत्रियों से कहा कि वे हर कदम पर ‘अच्छी और साफ-सुथरी सरकार’ देने पर ध्यान दें, क्योंकि जनता सरकार से सबसे ज्यादा यही उम्मीद करती है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी मंत्री सकारात्मक सोच के साथ अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करें.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 6 Jun, 2026 | 06:57 PM

लेटेस्ट न्यूज़