UP Rain Damage Update: उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों से जनहानि, पशुहानि, फसल नुकसान और मकान क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं. खराब मौसम की वजह से आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई और उन्नाव समेत उत्तर प्रदेश के करीब 19 जिलों में नुकसान की जानकारी प्रशासन को मिली है. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं.
24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खराब मौसम में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति दुख जताया है. उन्होंने कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ है. सीएम योगी ने अधिकारियों को तुरंत मदद पहुंचाने और राहत कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए हैं.
- उत्तर प्रदेश में फसल बचाने के लिए छुट्टा पशुओं पर सख्ती की तैयारी, कृषि मंत्री शाही ने दिए बड़े संकेत
- बंगाल सरकार का बड़ा फैसला, कृषि और पशु उत्पादों के निर्यात से हटेगा प्रतिबंध.. किसानों को होगा फायदा
- फसल नुकसान पर अब सरकार दे रही सीधे पैसा, इस तारीख से पहले कर लें आवेदन तो हाथ से निकल जाएगा मौका!
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को साफ निर्देश दिए हैं कि नुकसान का सर्वे जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि मुआवजा राशि जारी करने में देरी न हो. उन्होंने कहा कि जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए. संबंधित विभागों को मिलकर तेजी से काम करने के लिए कहा गया है ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके.
प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी एवं आकाशीय बिजली से हुई जन-धन और पशुहानि से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सभी जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन करें तथा प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की… pic.twitter.com/kWZXQirwZh
— Government of UP (@UPGovt) May 14, 2026
सभी डीएम को फील्ड में उतरने के आदेश
सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों (DM) और वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचें, लोगों से मुलाकात करें और राहत कार्यों की निगरानी करें. इसके साथ ही हर जिले को हर 3 घंटे में स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजने के लिए कहा गया है, ताकि राज्य स्तर पर लगातार निगरानी की जा सके.
मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया है. उन्होंने निर्देश दिया कि मुआवजा वितरण, राहत अभियान और अन्य सरकारी कार्रवाइयों की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से अपडेट की जाए.
किसानों और पशुपालकों पर सरकार का फोकस
आंधी और बारिश का असर किसानों और पशुपालकों पर भी देखने को मिला है. कई इलाकों में फसलें खराब हुई हैं और पशुओं की मौत की घटनाएं भी सामने आई हैं. सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फसल और पशुहानि का सही आकलन कर प्रभावित लोगों को जल्द राहत दी जाए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिल सके.
राज्य सरकार ने राहत आयुक्त कार्यालय को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया है. प्रदेश के सभी जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम से जुड़े हालात की मॉनिटरिंग की जा रही है. सीएम योगी के निर्देश पर प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है.