केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजस्थान दौरे पर कहा कि किसानों की उपज खरीद के लिए सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू किया है और इसी पर उपज की खरीद की जाती है. सरकार ने हर साल फसलों के एमएसपी को बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि सरकार देश को विकसित बनाने के लिए अन्नदाता और महिलाओं को ताकतवर बनाने पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद कोई ऐसा साल नहीं रहा जब पीएम मोदी सरकार ने किसानों के लिए कोई बड़ी योजना शुरू न की हो.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को राजस्थान के दौरे पर थे. यहां उन्होंने कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया है. उन्होंने राजस्थान मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त किसानों के डीबीटी के जरिए जारी और पीएम फसल बीमा की मुआवजा राशि भी पीड़ित किसानों के खाते में ट्रांसफर की. उन्होंने कहा कि किसानों को वित्तीय मदद देने के लिए सहकारिता मंत्रालय और केंद्र सरकार तेज गति से काम कर रही है, जिसके नतीजे सकारात्मक रहे हैं और अन्नदाता खुशहाल हुआ है.
अन्नदाता को ताकतवर बना रही मोदी सरकार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए युवा, गरीब, अन्नदाता और महिलाओं को ताकतवर बनाना होगा. इसके लिए सरकार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि सहकारिता और डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने के साथ ही पशुपालकों और किसानों के जीवन में सुधार लाने की क्षमता है. इसलिए नए डेयरी प्लांट खोले जा रहे हैं, ताकि किसानों को दूध का सही दाम और बाजार उपलब्ध कराया जा सके. इसके अलावा पशुओं के लिए पौष्टिक आहार उत्पादन के लिए फीड प्लांट भी शुरू किए जा रहे हैं.
मोदी सरकार हर साल किसानों के लिए नई योजना लाई
गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक एक भी वर्ष ऐसा नहीं रहा जब मोदी सरकार ने किसानों के लिए कोई बड़ी योजना शुरू न की हो. उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी में लगातार वृद्धि की गई है. उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों को लागत से अधिक मूल्य पर खरीदने के लिए एमएसपी लागू की गई है और देशभर में किसानों की उपज को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है. इससे किसानों की आमदनी बढ़ी है.
राजस्थान के हर घर को दी जाएंगी ज्यादा दूध देने वाली गाय-भैंसें
अमित शाह ने कहा कि दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने की अपार क्षमता है और गुजरात के किसानों ने इसे साबित कर दिखाया है. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में अधिक दूध देने वाली गायों और भैंसों की नस्लें राजस्थान के हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सहकारिता और एनडीडीबी के जरिए पशुपालकों को गाय खरीद पर सब्सिडी दी जा रही है.
5,755 करोड़ रुपये की विकास प्रोजेक्ट शुरू
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 1500 राजस्व गांवों के लिए जलापूर्ति व्यवस्था समर्पित की और जल वितरण प्रणालियों को संबंधित ‘ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों’ को सौंपा, जिससे जल प्रबंधन में सामुदायिक भागीदारी को मजबूती मिली. मंत्री ने राजस्थान के 15 जिलों में 5,755 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. यह राज्य भर में बुनियादी ढांचे को मज़बूत करने और विकास की गति को तेज करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है.