गन्ना संस्थान ने 52 रुपये में चीनी की बिक्री शुरू की, रोजाना शाम 5 बजे तक खरीद सकेंगे उपभोक्ता

Subsidized Sugar Sale Begins: लोगों को महंगी चीनी से राहत देने के लिए गन्ना विकास विभाग उत्तर प्रदेश सरकार ने सस्ती दर पर चीनी की बिक्री करने का ऐलान किया है. उपभोक्ताओं को सुबह से शाम तक सस्ती दर पर चीनी दी जाएगी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 3 Sep, 2026 | 08:21 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की ओर से आम जनता के हित में मात्र 52 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर चीनी बिक्री की व्यवस्था की गई है. लखनऊ शहर के उपभोक्ता लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में स्थित चीनी निगम/सहकारी चीनी मिल संघ के चीनी विक्रय केन्द्र से उक्त दर पर चीनी खरीद का लाभ उठा सकते हैं.

सस्ती दर पर चीनी की बिक्री शुरू

गन्ना विकास विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं को सस्ती दर पर चीनी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है. लोगों को एक चीनी 52 रुपये में और दो किलो के पैकेट में चीनी 102 रुपये में मिलेगी. इसके अलावा 05 किलो चीनी के लिए 250 रुपये भुगतान करना होगा और 50 किलो पैकेट के लिए 2500 रुपये मूल्य रखा गया है.

सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खरीदें उपभोक्ता

विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार चीनी की यह विशेष बिक्री प्रत्येक कार्यदिवस में नियमित रूप से संचालित होगी. आम नागरिक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक गन्ना किसान संस्थान परिसर में चीनी बिक्री केंद्र पर जाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

बिक्री केंद्र पर उपभोक्ताओं की सुविधा और सुगम खरीदारी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. उपभोक्ता अपनी दैनिक आवश्यकता के अनुसार बिना किसी प्रशासनिक अड़चन के पारदर्शी व्यवस्था के तहत चीनी की खरीदारी कर सकते हैं.

महंगाई से लोगों को राहत देने के लिए उठाया गया कदम

चीनी जैसी दैनिक उपयोग की मूलभूत वस्तु की दरें नियंत्रित और सस्ती होने से विशेष रूप से मध्यमवर्ग और निम्न-आय वर्ग के परिवारों के मासिक बजट को बड़ी राहत मिलेगी. वर्तमान समय में बाजार में चीनी के दामों में होने वाले उतार-चढ़ाव के बीच शासन की यह पहल आम जनता के लिए एक बड़ा सहारा बनकर उभरी है.

चीनी विभाग का स्पष्ट मानना है कि आवश्यक वस्तुओं की सुलभता और उचित मूल्य दर पक्की करना जनकल्याण की दिशा में एक प्राथमिक दायित्व है. इसी को ध्यान में रखते हुए यह बिक्री शुरू की गयी है.

दिल्ली, कोलकाता समेत बड़े शहरों में चीनी का दाम

उपभोक्ता मामले विभाग की मूल्य निगरानी समिति के 3 सितंबर के खाद्य वस्तुओं के जारी मूल्य सूची के अनुसार दिल्ली में चीना का खुदरा मूल्य 59 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया. मुंबई में चीनी का खुदरा मूल्य 60 रुपये प्रति किलो, कोलकाता में 62 रुपये और चेन्नई में 59 रुपये भाव दर्ज किया गया है. सर्वाधिक चीनी का मूल्य रांची में 68 रुपये है. वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर अधिकतम खुदरा मूल्य 72 रुपये बना हुआ है, जो बीते सप्ताह के 75 रुपये से 3 रुपये लुढ़का है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 3 Sep, 2026 | 07:41 PM

लेटेस्ट न्यूज़