समस्या का समाधान अब एक ही प्लेटफॉर्म पर, घर बैठे मिलेगा मौसम और मंडी का पूरा अपडेट

Kisan Sarathi Portal: अब किसानों को मौसम, मंडी भाव, सरकारी योजनाओं और खेती की सलाह के लिए अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत नहीं है. किसान सारथी पोर्टल पर यह सारी जानकारी एक ही जगह मिल जाती है. किसान वीडियो कॉल, चैट और फोटो के जरिए कृषि विशेषज्ञों से सीधे सलाह भी ले सकते हैं.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 5 Jul, 2026 | 10:49 AM

Kisan Sarathi App: खेती करते समय किसानों को कई तरह की जानकारियों की जरूरत पड़ती है. कभी मौसम का हाल जानना होता है, कभी मंडी में फसल का भाव देखना पड़ता है, तो कभी सरकारी योजनाओं की जानकारी लेनी होती है. इसके लिए किसानों को अलग-अलग वेबसाइट, ऐप या दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. लेकिन अब यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो सकती है.

सरकार का किसान सारथी प्लेटफॉर्म किसानों को एक ही जगह पर खेती से जुड़ी कई जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है. यहां किसान मौसम की जानकारी, मंडी भाव, सरकारी योजनाओं का लाभ, खेती की नई तकनीक और विशेषज्ञों की सलाह आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.

विशेषज्ञों से सीधे बात करने की सुविधा

किसान सारथी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि, किसान अपनी खेती से जुड़ी समस्या का समाधान सीधे कृषि विशेषज्ञों से ले सकते हैं. यह प्लेटफॉर्म आधुनिक तकनीक पर आधारित है, जिससे किसान विशेषज्ञों से फोन कॉल, वीडियो कॉल, चैट और फोटो के जरिए संपर्क कर सकते हैं. अगर फसल में कोई बीमारी या कीट दिखाई देता है, तो किसान उसकी तस्वीर भेजकर सही सलाह प्राप्त कर सकते हैं. इससे समस्या की पहचान जल्दी होती है और समय रहते समाधान मिल जाता है.

610 से ज्यादा सरकारी योजनाओं की जानकारी

इस पोर्टल पर किसानों के लिए 610 सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध है. किसान आसानी से जान सकते हैं कि उनके लिए कौन-सी योजना है, उसका लाभ कैसे मिलेगा और आवेदन की प्रक्रिया क्या है.

इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर खेती की नई तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों और वैज्ञानिक सलाह से जुड़ी जानकारी भी नियमित रूप से साझा की जाती है, जिससे किसान बेहतर खेती कर सकें.

देशभर के कृषि विशेषज्ञों से जुड़ा प्लेटफॉर्म

किसान सारथी (Kisan Sarathi App) देश के बड़े कृषि संस्थानों से जुड़ा हुआ है. यह प्लेटफॉर्म 730 से अधिक कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), 100 से ज्यादा ICAR संस्थानों और 65 कृषि विश्वविद्यालयों के सहयोग से काम करता है. यही वजह है कि किसानों को भरोसेमंद और वैज्ञानिक सलाह मिलती है. सबसे अच्छी बात यह है कि, किसान 13 क्षेत्रीय भाषाओं में अपनी समस्या पूछ सकते हैं, जिससे अलग-अलग राज्यों के किसानों के लिए इसका उपयोग करना आसान हो जाता है.

मंडी भाव और मौसम की मिलेगी सही जानकारी

खेती में सही समय पर सही फैसला लेना बहुत जरूरी होता है. किसान सारथी पर किसान अपनी फसल के जिला-वार मंडी भाव देख सकते हैं और बाजार के रुझान भी समझ सकते हैं. इसके साथ ही यह प्लेटफॉर्म भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से जुड़ा हुआ है. इसलिए किसानों को समय-समय पर मौसम का पूर्वानुमान, बारिश, आंधी, गर्मी या अन्य मौसम संबंधी अलर्ट भी मिलते रहते हैं. इससे किसान बुवाई, सिंचाई और कटाई जैसे काम सही समय पर कर सकते हैं.

करोड़ों किसान उठा रहे हैं फायदा

  • सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 2.95 करोड़ से अधिक किसान किसान सारथी से जुड़ चुके हैं.
  • इनमें 56.16 लाख महिला किसान भी शामिल हैं.
  • अब तक इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों के 19.21 लाख से ज्यादा सवालों के जवाब दिए जा चुके हैं.

इससे पता चलता है कि किसान तेजी से इस डिजिटल सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं.

किसानों के साथ सरकार को भी मिलती है मदद

किसान सारथी केवल किसानों की मदद ही नहीं करता, बल्कि खेती से जुड़े आंकड़ों और किसानों की समस्याओं के आधार पर सरकार को नई कृषि नीतियां बनाने में भी मदद करता है. अगर किसान इस प्लेटफॉर्म का नियमित इस्तेमाल करें, तो उन्हें खेती से जुड़ी हर जरूरी जानकारी एक ही जगह मिल सकती है. इससे समय की बचत होगी, सही फैसले लेने में मदद मिलेगी और खेती को पहले से ज्यादा लाभदायक बनाया जा सकेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 5 Jul, 2026 | 10:32 AM

लेटेस्ट न्यूज़