महाराष्ट्र के किसानों का नया डिजिटल साथी बना MahaVISTAAR-AI, मोबाइल पर मिल रही हर जरूरी जानकारी

AI for Farmers: महाराष्ट्र का MahaVISTAAR-AI ऐप किसानों के लिए डिजिटल मददगार बन गया है. इस ऐप से किसान मोबाइल पर ही मौसम, फसल, कीट नियंत्रण, बाजार भाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी पा रहे हैं. नागपुर के सबसे ज्यादा किसान इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 27 Jun, 2026 | 06:28 PM

MahaVISTAAR AI App: खेती अब सिर्फ खेतों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मोबाइल फोन तक पहुंच गई है. महाराष्ट्र सरकार का महाविस्तार-AI (MahaVISTAAR-AI) ऐप किसानों के लिए डिजिटल खेती का नया साथी बनकर उभरा है. इस ऐप की मदद से किसान घर बैठे मौसम की जानकारी, फसल प्रबंधन, कीट और रोग नियंत्रण, बाजार भाव और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से पा रहे हैं. यही वजह है कि राज्यभर में इस ऐप का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है.

नागपुर के सबसे ज्यादा किसान जुड़े

‘द बेटर इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में महाविस्तार-AI ऐप को 10 लाख से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है. सबसे ज्यादा रेजिस्ट्रेशन नागपुर जिले में हुआ है, जहां करीब 1.06 लाख किसान इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहे हैं. यह संख्या पूरे विदर्भ क्षेत्र में सबसे अधिक है.

अब सलाह के लिए नहीं करना पड़ता इंतजार

पहले किसानों को मौसम, फसल या कीट से जुड़ी जानकारी के लिए कृषि अधिकारियों, दुकानदारों या दूसरे किसानों पर निर्भर रहना पड़ता था. कई बार सही सलाह मिलने में समय लग जाता था. अब किसान अपने मोबाइल पर ही कुछ मिनटों में जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि किसान मराठी भाषा में सवाल पूछ सकते हैं. अगर फसल में कोई बीमारी या कीट दिखाई देता है, तो उसकी फोटो ऐप पर अपलोड की जा सकती है. इसके बाद AI तकनीक बीमारी की पहचान कर इलाज और फसल प्रबंधन से जुड़ी सलाह देती है.

एक ऐप में कई सुविधाएं

महाराष्ट्र सरकार ने 21 मई 2025 को जलवायु अनुकूल कृषि परियोजना (PoCRA) के सहयोग से यह ऐप लॉन्च किया था. इसमें किसानों को कई सुविधाएं एक साथ मिलती हैं, जैसे:

  • स्थानीय मौसम का पूर्वानुमान
  • बुवाई का सही समय
  • सिंचाई संबंधी सलाह
  • फसल प्रबंधन
  • कीट एवं रोग नियंत्रण
  • बाजार भाव की जानकारी
  • सरकारी योजनाओं की जानकारी

वॉइस फीचर बना खास

ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को ध्यान में रखते हुए ऐप में वॉइस-इनेबल्ड AI सुविधा भी दी गई है. इससे किसान टाइप करने की बजाय अपनी भाषा में बोलकर सवाल पूछ सकते हैं और तुरंत जवाब सुन सकते हैं. इससे कम पढ़े-लिखे किसानों के लिए भी ऐप का इस्तेमाल आसान हो गया है.

किसानों को क्या फायदा?

महाविस्तार-AI ऐप से किसानों को समय पर मौसम की जानकारी, फसल रोग की जल्दी पहचान, सिंचाई और कीटनाशकों के सही उपयोग की सलाह, बाजार भाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह मिल रही है. इससे खेती से जुड़े फैसले लेना आसान हो रहा है और किसानों का समय भी बच रहा है. डिजिटल तकनीक की मदद से महाराष्ट्र की खेती तेजी से आधुनिक बन रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़