देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में भी बरसेंगे बादल.. आंधी-बरसात को लेकर रहें सतर्क
IMD ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में बारिश की संभावना है. दिल्ली में 11 अगस्त को येलो अलर्ट है. पूर्वोत्तर राज्यों में भी 15 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. तेज हवाओं, बिजली और गरज-चमक को लेकर भी चेतावनी है.
Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश हो सकती है. वहीं, मॉनसून ट्रफ के कारण छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है.
दिल्ली में येलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 11 अगस्त को बारिश और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह और दोपहर से पहले हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि रात में बहुत हल्की बारिश की संभावना है. दिल्ली-NCR में 16 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. IMD ने सभी जिलों के लिए जारी चेतावनी में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई है. लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी
दिल्ली के सभी जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, तेज बारिश के दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में एक घंटे में 15 मिमी से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है. मौसम की चेतावनी दिल्ली के सेंट्रल, ईस्ट, नई दिल्ली, नॉर्थ, नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ वेस्ट, शाहदरा, साउथ, साउथ ईस्ट, साउथ वेस्ट और वेस्ट दिल्ली समेत सभी जिलों के लिए जारी की गई है. लोगों को तेज बारिश और आंधी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. इससे सड़क यातायात और बाहरी गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं.
- दिल्ली में मॉनसून का कहर! 8 दिन में ही टूटा अगस्त की औसत बारिश का रिकॉर्ड, अगले 2 दिन भी अलर्ट
- तमिलनाडु में चावल हुआ महंगा, 15 रुपये किलो तक बढ़ी कीमत.. बिगड़ा किचन का बजट
- कर्नाटक में महंगी हुईं मछलियां, कीमतों में 190 फीसदी तक बढ़ोतरी.. 580 रुपये किलो हुआ भाव
- फसल नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान.. DBT के जरिए भुगतान
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, अमरोहा, संभल, रामपुर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज में बारिश की संभावना है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर में भी भारी बारिश हो सकती है.
मध्य प्रदेश के इन जिलों में होगी बारिश
मध्य प्रदेश के भोपाल, देवास, इंदौर, मंदसौर, रायसेन, आगर-मालवा, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर और उज्जैन में भारी बारिश और गरज-चमक को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, बिहार के भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट है. कैमूर, रोहतास, बक्सर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण (छपरा) में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है.
असम में कैसा रहेगा मौसम का हाल
साथ ही IMD ने कहा है कि पूर्वोत्तर भारत में 11 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और बाढ़ प्रभावित असम में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 से 15 अगस्त के बीच भारी से व्यापक बारिश होने की संभावना है. लगातार बारिश को देखते हुए प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.