ऑरेंज अलर्ट जारी, राजस्थान सहित कई राज्यों में होगी भारी बारिश… बिजली गिरने की भी संभावना

देश के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट है. IMD ने हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पूर्वोत्तर में भी भारी बारिश की संभावना है. दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट है. 13-15 अगस्त तक मॉनसून सक्रिय रहेगा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 10 Aug, 2026 | 07:03 AM

Weather Update: देश के कई हिस्सों में सोमवार को मौसम खराब रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, कई अन्य राज्यों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है.

IMD ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलावा असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है. इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की संभावना है.

दिल्ली-NCR में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली-NCR में कुछ जगहों पर भारी बारिश  हो सकती है. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब रहने वाला है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

बारिश का दौर जारी रहने वाला है

IMD के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 10 और 11 अगस्त को भी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश  और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है.

झारखंड में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है

झारखंड में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है. वहीं, बिहार और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट है. झारखंड और ओडिशा में आने वाले दिनों में भी कई जगहों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा. असम और मेघालय में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है. आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

13 से 15 अगस्त तक मॉनसून सक्रिय रह सकता है

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों के अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान है. आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना  है. IMD के मुताबिक, 13 से 15 अगस्त तक देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रह सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 10 Aug, 2026 | 06:57 AM

लेटेस्ट न्यूज़