Dairy Cattle Tips: समझदारी से करें दुधारू पशु की खरीद, इन 9 बातों का रखें ध्यान- बढ़ेगी आमदनी और घटेगा नुकसान

अगर आप डेयरी व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, तो दुधारू पशु खरीदने से पहले कुछ अहम बातों पर ध्यान देना जरूरी है. सही नस्ल, उम्र, स्वास्थ्य और दूध देने की क्षमता देखकर खरीदने से आपका मुनाफा कई गुना बढ़ सकता है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 9 Aug, 2026 | 11:30 PM

Dairy Farming : अगर आप डेयरी फार्मिंग या दुधारू पशुपालन शुरू करने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है. अक्सर किसान या नए पशुपालक जल्दबाजी में गाय या भैंस खरीद लेते हैं, और बाद में पछताते हैं क्योंकि पशु उम्मीद के मुताबिक दूध नहीं देता या बीमार पड़ जाता है. इसलिए जरूरी है कि खरीदते समय कुछ बातों पर खास ध्यान दिया जाए. इससे न सिर्फ नुकसान से बचा जा सकता है, बल्कि आपकी आमदनी भी दोगुनी हो सकती है. आइए जानते हैं- विशेषज्ञों की राय के अनुसार दुधारू पशु खरीदते समय किन बातों पर ध्यान देना चाहिए.

शरीर की बनावट से पहचानें अच्छा दुधारू पशु

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक स्वस्थ और अच्छे दुधारू पशु  की पहचान उसके शरीर की बनावट से की जा सकती है. उसका शरीर आगे से पतला और पीछे से चौड़ा होना चाहिए, जिससे दूध की थैली में पर्याप्त जगह बनी रहे. त्वचा मुलायम और चमकदार होनी चाहिए, जबकि थन का आकार गोल और संतुलित होना चाहिए. आंखें चमकदार, पूंछ लंबी और गर्दन पतली होना अच्छे स्वास्थ्य की निशानी हैं. ये सारे संकेत बताते हैं कि पशु से अच्छा दूध उत्पादन संभव है.

दूध देने की क्षमता जरूर जांचें

पशु खरीदने से पहले कम से कम 2 से 3 दिन तक उसका दूध निकालकर  देखना चाहिए. दूध की धार सीधी, तेज और लगातार होनी चाहिए. अगर दुहाई के बाद थन सिकुड़ जाता है तो यह संकेत है कि पशु की दूध देने की क्षमता ठीक है. यह छोटी सी जांच आगे बड़े नुकसान से बचा सकती है.

नस्ल और वंश की जानकारी लें

हर नस्ल की गाय या भैंस की दूध उत्पादन  क्षमता अलग होती है. जैसे- साहीवाल, गिर और मुर्रा जैसी नस्लें अधिक दूध देती हैं. इसलिए खरीदते समय पशु की नस्ल और वंश का रिकॉर्ड जरूर मांगें. उच्च नस्ल के पशु न केवल ज्यादा दूध देते हैं, बल्कि बीमारियों से भी जल्दी नहीं ग्रस्त होते.

स्वास्थ्य, टीकाकरण और उम्र पर ध्यान दें

कई बार पशु दिखने में तो स्वस्थ लगता है, लेकिन अंदरूनी तौर पर बीमार होता है. इसलिए पशु का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और टीकाकरण रिकॉर्ड अवश्य देखें. साथ ही, उम्र भी मायने रखती है- 3 से 6 साल की उम्र वाले पशु दूध उत्पादन के लिए सबसे बेहतर होते हैं. 10 साल से ज्यादा उम्र वाले पशु की प्रजनन क्षमता कम हो जाती है.

व्यवहार, खानपान और प्रजनन क्षमता भी है जरूरी

शांत और मिलनसार स्वभाव वाले पशु को संभालना आसान होता है. चंचल या डरपोक पशु से दूध निकालने में दिक्कत आती है. इसके अलावा यह जानना भी जरूरी है कि पशु क्या खाता है-सूखा चारा, हरा चारा या दाना. अगर उसकी खाने की आदतें सामान्य नहीं हैं, तो भविष्य में समस्या हो सकती है. इसके साथ ही, अच्छा दुधारू पशु वही है जो हर साल एक स्वस्थ बछड़े को जन्म दे. ऐसे पशु को खरीदने से आपकी डेयरी का विकास तेजी से होगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 9 Aug, 2026 | 11:30 PM

लेटेस्ट न्यूज़