IMD ALERT: अगले 15 घंटों में कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार 17 से 19 फरवरी के बीच देश के 10 राज्यों में बारिश हो सकती है. इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान-निकोबार और तमिलनाडु शामिल हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में 18 और 19 फरवरी को कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है.
Today Weather: फरवरी के आखिरी दिनों में जहां कई जगह हल्की गर्मी का अहसास होने लगा था, वहीं अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 15 घंटों के भीतर कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके साथ ही उत्तर भारत के कई जिलों में कोहरे की स्थिति भी बनी रह सकती है. बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को यात्रा से पहले ताजा अपडेट लेने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम
पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. आगरा, अमरोहा, अयोध्या, बिजनौर, हापुड़ और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर तेज हवा और बिजली गिरने की भी आशंका है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह के समय कुछ जिलों में मध्यम कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है.
पंजाब में हल्की बारिश का अनुमान
पंजाब के अमृतसर, पटियाला, गुरदासपुर और फिरोजपुर जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे जा सकता है. ठंडी हवा चलने से रात में ठंड का असर महसूस होगा. सुबह के समय कुछ हिस्सों में कोहरे की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
हरियाणा में बादल और बूंदाबांदी
हरियाणा के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री के आसपास रह सकता है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है, जिससे खेतों में खड़ी फसलों पर असर पड़ सकता है.
राजस्थान में तापमान में गिरावट
जयपुर, अजमेर, जोधपुर और उदयपुर सहित कई जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है. इस वजह से तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. तेज हवा चलने से धूलभरी आंधी जैसे हालात भी बन सकते हैं.
मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश
भोपाल, ग्वालियर, राजगढ़ और मंदसौर जैसे इलाकों में 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदान में काम कर रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों में बारिश
देहरादून, नैनीताल, चमोली और रुद्रप्रयाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है. देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा. पर्यटकों को पहाड़ी मार्गों पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के आसार
शिमला, मंडी और कुल्लू में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है. शिमला में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहेगा. ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है.
जम्मू-कश्मीर में दो दिन मौसम खराब
श्रीनगर, बारामूला और अनंतनाग में हल्की बारिश की संभावना है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है.
दिल्ली में गर्मी का हल्का एहसास
राष्ट्रीय राजधानी में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह हल्का कोहरा रह सकता है. अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास होगा.
बिहार में मौसम साफ, कोहरे की चेतावनी
पटना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा. बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन पूर्णिया और किशनगंज जैसे जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है.