IMD Alert: पहाड़ों से मैदान तक बदलेगा मौसम, 6 राज्यों में बारिश की चेतावनी

Today weather: IMD  के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा. खासतौर पर उत्तर भारत, पहाड़ी राज्य और कुछ दक्षिणी इलाके इसके असर में रहेंगे. इसके साथ ही उत्तर भारत के कई जिलों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी.

नई दिल्ली | Published: 12 Feb, 2026 | 06:53 AM

Today weather: फरवरी का महीना आमतौर पर ठंड के विदा होने का संकेत देता है, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ और ही है. जैसे ही लोगों को लगा कि ठंड अब कम होने लगेगी, वैसे ही भारतीय मौसम विभाग ने बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी के कारण 14 फरवरी तक ठंड एक बार फिर परेशानी बढ़ा सकती है.

IMD  के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा. खासतौर पर उत्तर भारत, पहाड़ी राज्य और कुछ दक्षिणी इलाके इसके असर में रहेंगे. इसके साथ ही उत्तर भारत के कई जिलों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, जिससे सुबह के समय लोगों को खास सतर्कता बरतने की जरूरत होगी.

जम्मू-कश्मीर: ठंड के साथ बारिश और बर्फबारी का असर

जम्मू-कश्मीर में मौसम फिलहाल सख्त बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक 13, 16 और 17 फरवरी को यहां बारिश और बर्फबारी की संभावना है. तंगधार, सोनमर्ग, कुलगाम, बांदीपोरा, बारामूला, श्रीनगर और पुलवामा जैसे इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने से तापमान और नीचे जा सकता है. 12 फरवरी को मौसम कुछ हद तक साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन ठंड बनी रहेगी. श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

हिमाचल प्रदेश: 16 फरवरी से बढ़ेंगी मुश्किलें

हिमाचल प्रदेश में 12 फरवरी को मौसम सामान्य रहने की संभावना है और दिन में धूप निकल सकती है. हालांकि 15 फरवरी की रात से मौसम बदलने लगेगा. 16 फरवरी को धर्मशाला, मनाली, हमीरपुर और बिलासपुर जैसे जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे ठंड काफी तेज महसूस होगी.

उत्तराखंड: फिर सक्रिय होगा बारिश और बर्फबारी का दौर

उत्तराखंड में 12 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा और दिन में धूप खिलेगी, लेकिन 16 और 17 फरवरी को फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में मौसम खराब हो सकता है. देहरादून में 12 फरवरी को अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश: बारिश नहीं, लेकिन घना कोहरा रहेगा परेशानी

उत्तर प्रदेश में 12 फरवरी को बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आजमगढ़, बलिया, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे जिलों में दृश्यता काफी कम रह सकती है. लखनऊ में दिन का मौसम साफ रहेगा. यहां अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

बिहार: मौसम साफ, धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान

बिहार के अधिकांश जिलों में 12 फरवरी को मौसम साफ रहेगा और बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. पटना, गया, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, पूर्णिया और खगड़िया जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है. पटना में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

राजस्थान: सुबह कोहरा, दिन में राहत

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा. हालांकि सुबह के समय जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, सीकर, भरतपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे शहरों में कोहरा देखने को मिल सकता है. दिन में ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी और हवा की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश: बारिश का अलर्ट नहीं, हल्की ठंड रहेगी

मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. भोपाल, ग्वालियर, देवास, धार और मंदसौर जैसे इलाकों में सुबह के समय हल्की ठंड महसूस होगी. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

तमिलनाडु: 13 फरवरी को बारिश की संभावना

दक्षिण भारत में भी मौसम करवट ले सकता है. तमिलनाडु में 13 फरवरी को चेन्नई और आसपास के डेल्टा क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेज हवाएं भी चल सकती हैं. यहां न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग की कुल मिलाकर चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से ठंड की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन बीच-बीच में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ मौसम को फिर से ठंडा बना रहे हैं. 16 फरवरी के बाद एक नया विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों पर पड़ेगा. ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Topics: