जम्मू-कश्मीर से केरल तक 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 45 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण भारत में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश की पूरी संभावना है. इस दौरान 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. समुद्री इलाकों में मछुआरों को तट से दूर न जाने की सलाह दी गई है.

नई दिल्ली | Published: 21 Feb, 2026 | 06:58 AM

Today weather: फरवरी के अंतिम सप्ताह में जब आमतौर पर लोग गर्मी की आहट महसूस करने लगते हैं, तभी मौसम ने अचानक करवट ले ली है. देश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और तापमान में उतार-चढ़ाव ने लोगों की दिनचर्या पर असर डालना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग ने 21 फरवरी से अगले चार दिनों के लिए नौ राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. साथ ही 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. किसानों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ सकता है.

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण भारत में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग रंग दिखाएंगे कहीं बारिश, कहीं बर्फबारी तो कहीं अचानक गर्मी का असर.

नौ राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, ओडिशा और कर्नाटक में बारिश की पूरी संभावना है. 22 और 23 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. वहीं 22 से 24 फरवरी के बीच उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भी बारिश और हिमपात की संभावना है.

दक्षिण भारत में 21 और 22 फरवरी को तमिलनाडु और केरल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है. इस दौरान 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. समुद्री इलाकों में मछुआरों को तट से दूर न जाने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-एनसीआर का हाल

दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है. 21 फरवरी को अधिकतम तापमान लगभग 27 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. सुबह हल्की ठंडक महसूस होगी. पिछले दिनों चली तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया है, हालांकि एक्यूआई अभी भी 200 के आसपास यानी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है. दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी का एहसास होगा.

उत्तर प्रदेश में धूप और कोहरा

उत्तर प्रदेश में 21 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है. आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह घना कोहरा कुछ जिलों में परेशानी बढ़ा सकता है. कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज और कानपुर जैसे जिलों में कोहरे का असर दिख सकता है. लखनऊ में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम गुलाबी ठंड जारी रहेगी.

बिहार में दोहरा मौसम

बिहार में दिन के समय तापमान बढ़ रहा है, लेकिन सुबह और शाम अभी भी ठंड बनी हुई है. पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है. गया, दरभंगा, पूर्णिया और सहरसा जैसे जिलों में भी इसी तरह का मौसम रहेगा. लोगों को सुबह हल्का गर्म कपड़ा पहनने की जरूरत पड़ेगी, जबकि दोपहर में गर्मी का अहसास होगा.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में बढ़ेगा पारा

राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क है. जयपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बाड़मेर और फलौदी में पारा 31 डिग्री तक पहुंच सकता है. सुबह-शाम हल्की ठंड रहेगी, लेकिन दोपहर में गर्मी बढ़ेगी. मध्य प्रदेश के भोपाल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रहेगा. ग्वालियर, इंदौर और जबलपुर में भी तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में 22 और 23 फरवरी को शिमला, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 2 डिग्री और न्यूनतम माइनस 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम 2 डिग्री के आसपास रहेगा. बारिश के बाद ठंड और बढ़ सकती है.

उत्तराखंड में देहरादून का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे ऊंचे इलाकों में तापमान माइनस 15 डिग्री तक गिर सकता है.

दक्षिण भारत में साइक्लोनिक असर

तमिलनाडु के चेन्नई में बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. केरल के तिरुवंतपुरम और कोच्चि में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 23 और 24 फरवरी को बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी.

आगे क्या कहता है पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार 26 फरवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, जिससे फिर से बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं गुजरात और महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा सकती है.

Topics: