गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पंजाब से लेकर राजस्थान तक झुलस रहा उत्तर भारत… कई राज्यों में रेड अलर्ट

एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में मानसून की दस्तक के साथ भारी बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर और तेज हो सकता है. वहीं अगले 3 से 4 दिनों में मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 23 May, 2026 | 07:15 AM

Today Weather: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में मानसून की दस्तक के साथ भारी बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर और तेज हो सकता है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. इसके असर से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश की संभावना है. वहीं दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में गर्मी का कहर जारी रहेगा.

दिल्ली-NCR में गर्मी से हाल बेहाल

दिल्ली-NCR में अगले 6 से 7 दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने राजधानी के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 31 डिग्री रहने का अनुमान है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दोपहर में सड़कें खाली नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं.

यूपी में रेड अलर्ट, 47 डिग्री के पार पहुंचा पारा

उत्तर प्रदेश में गर्मी बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है. बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर और जौनपुर समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान माना जा रहा है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में लू का कहर

राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है. हालांकि नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं. कोटा, श्रीगंगानगर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.

वहीं मध्य प्रदेश के 37 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी और खंडवा जैसे शहरों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं.

बिहार में आंधी और बारिश की चेतावनी

बिहार में अगले दो दिनों तक मौसम बदलने के संकेत हैं. पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पटना में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, लेकिन बारिश से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

पंजाब-हरियाणा में भी लू का प्रकोप

पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. पंजाब के फरीदकोट में तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के सिरसा में पारा 45.8 डिग्री तक पहुंच गया. दोनों राज्यों में कई जगहों पर गर्म हवाएं चल रही हैं और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

पहाड़ों में बारिश और ओलावृष्टि का खतरा

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलने लगा है. देहरादून, नैनीताल, शिमला, कुल्लू और श्रीनगर समेत कई इलाकों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

दक्षिण भारत में मानसून की आहट

केरल में मानसून तेजी से सक्रिय हो रहा है. तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और एर्नाकुलम समेत कई जिलों में भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से 3 जून के बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में देश में मौसम की स्थिति और तेजी से बदल सकती है. ऐसे में लोगों को गर्मी, लू और बारिश तीनों से सावधान रहने की जरूरत है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 23 May, 2026 | 07:09 AM

लेटेस्ट न्यूज़