दिल्ली-हिमाचल समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और ठंड से मौसम बिगड़ा, IMD ने जारी किया अलर्ट

3 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम खराब रहने की संभावना है. वहीं, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और तमिलनाडु में भी तेज बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र किनारे न जाने की सलाह दी है.

नई दिल्ली | Published: 3 Feb, 2026 | 06:57 AM

Today Weather: देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. फरवरी की शुरुआत में जहां लोगों को हल्की गर्माहट की उम्मीद थी, वहीं लगातार हो रही बारिश, तेज हवाओं और ठंड ने परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत, पहाड़ी राज्यों और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है. खास बात यह है कि इस बार अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग जिलों पर इसका असर दिखेगा और 14 फरवरी तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है.

दिल्ली में बारिश, ठंडी हवा और कोहरे का असर

दिल्ली में 3 फरवरी को मौसम फिर करवट ले सकता है. सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चलेगी. कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है. इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और कोहरा

उत्तर प्रदेश में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा. 3 फरवरी को आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, सोनभद्र, महोबा, ललितपुर, झांसी, प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, मऊ, प्रतापगढ़ और बलिया जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

बिहार में बारिश नहीं, लेकिन कोहरे से परेशानी

बिहार में 3 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में घना कोहरा लोगों की दिक्कतें बढ़ा सकता है. गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण और गोपालगंज में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है. पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे. पटना में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उत्तराखंड में तेज बारिश और तापमान में गिरावट

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की है. नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल जिलों में बारिश हो सकती है. बारिश के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. नैनीताल में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में 3 फरवरी को मौसम सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रह सकता है. शिमला, मनाली, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा और हमीरपुर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान माइनस 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 13 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फ का असर

जम्मू-कश्मीर में भी 3 फरवरी को मौसम बिगड़ने वाला है. उधमपुर, कठुआ, बांदीपोरा, बारामूला, किश्तवार, जम्मू, पुंछ और राजौरी जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. पहलगाम और कुलगाम जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

राजस्थान में बारिश से बढ़ेगी ठंड

राजस्थान में भी 3 फरवरी को मौसम बदला हुआ रहेगा. चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, झालावाड़, कोटा और बारन जिलों में बारिश की संभावना है. इसके अलावा हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनू, सीकर और दौसा में ठंडी हवाओं का असर दिखेगा. बारिश के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.

मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलेगा

मध्य प्रदेश में 3 फरवरी से 5 फरवरी तक बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है. भिंड, गुना, विदिशा, सतना, पन्ना, सागर, राजगढ़, अशोकनगर, दमोह और रीवा जिलों में बारिश हो सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

Topics: