Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 जुलाई से 1 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 31 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 1 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 28 से 30 जुलाई के बीच राज्य के चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मॉनसून शुरू होने के बाद से राज्य में बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है. प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.
झारखंड में भी तेज बारिश होने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, 28 जुलाई से 1 अगस्त तक बिहार और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में कई जगह भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 28 जुलाई को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 26 से 28 जुलाई के बीच झारखंड में भी तेज बारिश होने की संभावना है. IMD ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है.
- IMD की बड़ी चेतावनी! बंगाल की खाड़ी में मजबूत हुआ डीप डिप्रेशन, 5 दिनों तक होगी भारी बारिश
- तमिलनाडु में चावल हुआ महंगा, 15 रुपये किलो तक बढ़ी कीमत.. बिगड़ा किचन का बजट
- कर्नाटक में महंगी हुईं मछलियां, कीमतों में 190 फीसदी तक बढ़ोतरी.. 580 रुपये किलो हुआ भाव
- फसल नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान.. DBT के जरिए भुगतान
29 जुलाई तक ओडिशा तट के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह
साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) और मजबूत हो हा है. इसके असर से ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. IMD ने 29 जुलाई तक राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने मछुआरों को भी 29 जुलाई तक ओडिशा तट के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.
31 जुलाई से 1 अगस्त के बीच हो सकती है भारी बारिश
वहीं, पश्चिमी और दक्षिण भारत में भी मॉनसून तेज होने वाला है. IMD के अनुसार, 1 अगस्त तक कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश होगी. मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में 26 जुलाई को अच्छी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा गुजरात में भी 31 जुलाई से 1 अगस्त के बीच कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा IMD ने पश्चिम भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के अनुसार, 28 जुलाई से 1 अगस्त तक मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी. वहीं, मराठवाड़ा में 1 अगस्त और गुजरात में 28 से 30 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.