फिर से सक्रिय हुआ मॉनसून, कई राज्यों में भारी से भारी बारिश का अलर्ट.. चलेंगी तेज हवाएं

देशभर में मॉनसून के फिर से सक्रिय होने के बाद मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई क्षेत्रों में मौसम संबंधी परेशानियां बढ़ने की आशंका है.

Kisan India
नोएडा | Published: 24 Jun, 2026 | 07:07 AM

Weather Updates: देशभर में मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, बुधवार को कई क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून की रफ्तार बढ़ने से देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है, जिससे कुछ इलाकों में मौसम संबंधी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं.

आईएमडी के अनुसार, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम  के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, देश के कई अन्य क्षेत्रों में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके साथ ही कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी की गई है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश के दौरान जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति या पेड़ गिरने का खतरा रहता है. विभाग के अनुसार, कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना  है. वहीं, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान के दौरान हवा की गति इससे भी अधिक हो सकती है.

कई जगहों पर यातायात प्रभावित

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के कारण कई जगहों पर यातायात प्रभावित हो सकता है, दृश्यता कम हो सकती है और अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति भी बाधित हो सकती है. उधर, दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम अस्थिर बना रहने की संभावना है. हाल ही में क्षेत्र के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और बारिश देखने को मिली थी, जिसके बाद मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया था.

तेज हवाएं चलने की संभावना

अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. खासकर दोपहर और शाम के समय मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 24 से 29 जून तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. 24 जून को 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में 24 से 28 जून तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 29 जून को अधिकांश इलाकों में व्यापक वर्षा होने का अनुमान है.

उत्तराखंड में भी 28 जून तक छिटपुट बारिश

उत्तराखंड में भी 24 से 28 जून तक छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा. 29 जून को राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश  हो सकती है. 24 से 25 जून के बीच गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, पंजाब में 24 से 26 जून और फिर 29 जून को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

दिल्ली- हरियाणा में मौसम का हाल

हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 से 26 जून तथा 29 जून को बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की चेतावनी दी है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 24 जून और 29 जून को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28-29 जून को बारिश हो सकती है. हालांकि, 27 जून तक कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है. इसी तरह पूर्वी राजस्थान में 24 से 29 जून तक लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. जबकि 24 से 29 जून के बीच 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़