फिर से सक्रिय हुआ मानसून, भारी बारिश का अलर्ट जारी.. दिल्ली-हरियाणा में अभी गर्मी से राहत नहीं

IMD ने 16 जुलाई को ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से पूर्वी भारत में मानसून सक्रिय रहेगा. वहीं, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हल्की बारिश के बावजूद गर्मी और उमस बनी रह सकती है.

Kisan India
नोएडा | Published: 16 Jul, 2026 | 06:59 AM

Weather Update: 16 जुलाई को देश के कई हिस्सों में मानसून फिर से सक्रिय रहने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, कई अन्य राज्यों में भी अच्छी बारिश की संभावना है. हालांकि, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बावजूद गर्मी और उमस बनी रह सकती है.

IMD के मुताबिक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के पास बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश की मुख्य वजह है. अगले दो दिनों में इसके और मजबूत होने की संभावना है. इसके असर से ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जगहों पर अच्छी से भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 16 जुलाई को ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल  और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

बिहार- झारखंड में होगी झमाझम बारिश

इसके अलावा असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड में भी कई जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. वहीं, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा

IMD के मुताबिक, कोंकण-गोवा, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और लगातार अच्छी बारिश होती रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 16 जुलाई को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बावजूद गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है.

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में कैसा रहेगा मौसम

इसी तरह उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक के कई इलाकों में भी बीच-बीच में बारिश होगी, लेकिन उमस बनी रहेगी. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में लू (हीटवेव) चलने की संभावना भी जताई गई है. IMD ने कहा कि मंगलवार को ओडिशा के कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई.

मानसून की गतिविधियां अन्य हिस्सों में भी बढ़ेंगी

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी  में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में और मजबूत होगा. इसके असर से सप्ताह के दूसरे हिस्से में पूर्वी भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा और धीरे-धीरे मानसून की गतिविधियां उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी बढ़ेंगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़