भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर, 10 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तापमान में आ सकती है गिरावट

IMD Weather Update: 31 मई को देश के कई राज्यों में मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और ओडिशा समेत कई क्षेत्रों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. इससे तापमान में कमी आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 31 May, 2026 | 07:15 AM

Today’s Weather Update: देश के कई हिस्सों में इन दिनों तेज गर्मी और लू से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. लेकिन इस बीच राहत की खबर है. भारतीय मौसम विभाग ने 31 मई को कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे ज्यादा हो सकती है. इससे तापमान में कमी आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और ओडिशा समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है.

दिल्ली में गर्मी से मिलेगी राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 31 मई को मौसम अच्छा रहने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. भारतीय मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. हालांकि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रह सकती. 1 जून के बाद तापमान फिर बढ़ने की संभावना है और आने वाले दिनों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है.

उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है. कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना है. लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में तेज आंधी चल सकती है. वहीं सहारनपुर समेत कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी सलाह का पालन करने की अपील की है.

बिहार में बारिश के साथ ओलावृष्टि का खतरा

बिहार के कई जिलों में आज (31 मई) मौसम अचानक बदल सकता है. पटना, भागलपुर, राजगीर, सिवान और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर ओले गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. भारतीय मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और खुले क्षेत्रों में जाने से बचें.

राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में भी असर

राजस्थान के कई इलाकों में धूलभरी आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है. राज्य के पूर्वी और उत्तरी जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं की वजह से कई क्षेत्रों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. हिमाचल प्रदेश में 4 जून तक कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है.

पंजाब और पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट

पंजाब के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. वहीं पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान घरों के अंदर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह के खतरे से सुरक्षित रहा जा सके.

दक्षिण भारत और ओडिशा में भी असर

तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है. कोयंबटूर, नीलगिरी, तिरुपुर, डिंडीगुल और थेनी समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है.

ओडिशा के कई जिलों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है. कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है, जबकि तटीय इलाकों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है.

लोगों और किसानों के लिए जरूरी सलाह

भारतीय मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें. तेज हवाओं के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी कहा गया है कि वे अपनी फसलों, कृषि उपकरणों और पशुओं को सुरक्षित जगह पर रखें. साथ ही मौसम की लगातार जानकारी लेते रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर सतर्क रहना जरूरी होगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़