बिहार में मॉनसून की एंट्री, UP समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट.. लोगों को सतर्क रहने की सलाह

16 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मौसम बदलने के आसार हैं. IMD ने कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट जारी किया है. बिहार के 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि पूर्वोत्तर, झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है.

Kisan India
नोएडा | Published: 16 Jun, 2026 | 07:16 AM

Weather Updates: उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में मंगलवार यानी 16 जून को मौसम बदल सकता है. इस दौरान तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 16 जून को दिल्ली, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. हालांकि, बारिश से तापमान में गिरावट आएगी. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल व्यापक बारिश की संभावना कम है. मौसम विभाग के अनुसार, 16 जून को प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में अलग तरह का मौसम देखने को मिल सकता है. बिहार से सटे पूर्वी और तराई क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान बढ़ सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के बावजूद हवा में नमी बनी हुई है, जिसके कारण कुछ जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा. सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत आसपास के इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है

बिहार के लोगों के लिए अच्छी खबर है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 15 जून 2026 को राज्य के कुछ और इलाकों में पहुंच गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने वाला है. कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने 16 जून के लिए 14 जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट  जारी किया है. इनमें गया, जहानाबाद, पटना, गोपालगंज, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, खगड़िया और भागलपुर शामिल हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है.

मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं. दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में 16 जून को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश  हो सकती है. वहीं, ओडिशा और झारखंड के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इसके अलावा, छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में काम करते समय सतर्क रहें और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़