दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहाना.. जानें शाम तक कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली. IMD ने दिनभर बारिश और 50 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. गुरुग्राम में जलभराव से लोगों को परेशानी हुई, जबकि नोएडा और दिल्ली के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है.

Kisan India
नोएडा | Published: 15 Jun, 2026 | 10:11 AM

Delhi Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई. बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. बारिश के बाद दिल्ली के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिनभर मौसम का मिजाज बदला रह सकता है और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के दौरान भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना  जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इससे मौसम और अधिक सुहावना होने की उम्मीद है. आईएमडी ने कहा है कि शाम के समय भी मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. विभाग के मुताबिक, दिल्ली के नजफगढ़, द्वारका, जाफरपुर, पालम और वसंत कुंज समेत कई इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है. लोगों को मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

गुरुग्राम में जलभराव की समस्या सामने आई

वहीं, गुरुग्राम में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव की समस्या सामने आ गई. शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा. खासकर राजीव चौक पर बारिश के बाद जलभराव  की स्थिति बन गई, जिससे यातायात प्रभावित होता नजर आया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दिन में फिर से तेज बारिश होती है, तो ट्रैफिक जाम की समस्या और बढ़ सकती है. वहीं, नोएडा के भी कई क्षेत्रों में सुबह से बारिश दर्ज की गई. यहां सुबह से ही बादल छाए हुए थे और मौसम पूरी तरह बारिश वाला बना रहा. बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है.

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का हाल

भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के असर से बारिश की संभावना जताई थी.  आईएमडी ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत पर असर डाल रहा पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम की तीव्रता कुछ कम हो सकती है. पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र के कई हिस्सों में तेज बारिश और तेज हवाएं देखने को मिलीं, लेकिन अब मौसम विभाग का अनुमान है कि आगे हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

बारिश की गतिविधियों को बढ़ा दिया

आईएमडी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में हो रही बारिश के पीछे कई मौसमीय कारण एक साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाओं ने मिलकर बारिश की गतिविधियों को बढ़ा दिया है. आईएमडी ने कहा कि इसी वजह से दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई. साथ ही कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिनकी रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. मौसम विभाग के अनुसार, इन मौसमी परिस्थितियों के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़