खाद-बीज से लेकर MSP दाम तक…किसानों के मुद्दों पर सर्वदलीय बैठक की मांग, INDIA गठबंधन की बैठक में गूंजा सवाल

दिल्ली में हुई INDIA गठबंधन की बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए. खाद की उपलब्धता, खेती की बढ़ती लागत और फसलों के उचित दाम जैसे विषयों पर चर्चा हुई. विपक्षी दलों ने इन मुद्दों पर केंद्र सरकार से तत्काल कदम उठाने और व्यापक चर्चा की मांग करते हुए आगे की रणनीति तय की.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 8 Jun, 2026 | 04:31 PM

INDIA Alliance Meeting: नई दिल्ली में हुई INDIA गठबंधन की बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए. बैठक में शामिल 25 दलों ने देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति, महंगाई, बेरोजगारी और कृषि क्षेत्र की चुनौतियों पर चर्चा की. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि किसानों को खाद, बीज और अन्य जरूरी कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए. उन्होंने मांग की कि किसानों के मुद्दों पर चर्चा के लिए जल्द से जल्द सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए.

खाद संकट और फसलों के दाम पर जताई चिंता

बैठक के दौरान किसानों को खाद की उपलब्धता, खेती की लागत बढ़ने और फसलों के उचित दाम नहीं मिलने जैसे मुद्दों पर चिंता व्यक्त की गई. खरगे ने कहा कि कई राज्यों से खाद की कमी और कृषि इनपुट महंगे होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. ऐसे में केंद्र सरकार को किसानों की समस्याओं पर सभी राजनीतिक दलों के साथ मिलकर चर्चा करनी चाहिए, ताकि व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके. विपक्षी दलों का मानना है कि कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का असर सीधे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है.

पांच प्रमुख मुद्दों पर बनी सहमति

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि INDIA गठबंधन के सभी दल पांच प्रमुख मुद्दों पर सहमत हुए हैं. इनमें चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों, आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं  को प्रमुखता दी गई है. उन्होंने कहा कि गठबंधन इन मुद्दों को संसद से लेकर जनता के बीच मजबूती से उठाएगा. इसके साथ ही ये भी तय किया गया कि सभी सहयोगी दल हर दो महीने में बैठक करेंगे और संसद के मानसून सत्र के दौरान भी आपसी तालमेल बनाए रखेंगे.

विपक्ष ने दिखाई एकजुटता, आगे की रणनीति पर जोर

बैठक में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए. दोनों नेताओं ने बैठक में रखे गए प्रस्तावों का समर्थन किया. वहीं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव  ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और जिन पांच मुद्दों पर सहमति बनी है, उन पर सभी दल मिलकर आगे बढ़ेंगे. उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार आवाज उठाता रहेगा.

INDIA गठबंधन  की इस बैठक ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले समय में किसानों के मुद्दे विपक्ष की राजनीति के केंद्र में रहेंगे. खाद संकट, फसलों के दाम, बढ़ती लागत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े सवालों को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्र सरकार सर्वदलीय बैठक की मांग पर क्या रुख अपनाती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़