24 अगस्त को बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

देश में मॉनसून के बीच 24 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है. दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. उत्तराखंड, ओडिशा और हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी जारी है. ओडिशा के सुंदरगढ़ में ऑरेंज अलर्ट है. राजस्थान में गरज-चमक, जबकि जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 24 Aug, 2026 | 07:06 AM

देश में मॉनसून की सक्रियता के चलते कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 अगस्त को कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. दिल्ली में 24 अगस्त को दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से दोपहर तक कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद दोपहर और शाम के समय भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तराखंड, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. मौसम विभाग ने चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है. राज्य के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है.

ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश

ओडिशा में भी सोमवार को मौसम खराब रहने की संभावना है. कई जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. सुंदरगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट है. वहीं, पंजाब में सोमवार को मौसम गर्म और आंशिक रूप से साफ रह सकता है. कुछ इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है. तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को कुछ समय के लिए बादल छाए रह सकते हैं और इसके बाद बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं, 24 अगस्त को राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के मौसम को लेकर अपडेट जारी किया है.

राजस्थान में गरज-चमक की संभावना

राजस्थान में सोमवार को मौसम गर्म और कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम का असर अलग-अलग हिस्सों में अलग रह सकता है. पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधि देखने को मिल सकती है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है.

जम्मू-कश्मीर में बारिश के आसार

जम्मू-कश्मीर में सोमवार को मौसम आंशिक रूप से साफ रह सकता है. दोपहर के समय कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की भी चेतावनी दी है. ऐसे में संवेदनशील और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 24 Aug, 2026 | 07:02 AM

लेटेस्ट न्यूज़